Italy Cricket History: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली की टीम ने अपना डेब्यू किया. ऐसा पहली बार हुआ, जब इटली की टीम किसी टी20 वर्ल्ड कप में खेल रही है. इटली को अपने पहले मैच में हार मिली, लेकिन दूसरे मैच में ऐतिहासिक जीत दर्ज की. इटली की टीम ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल को 10 विकेट से हराया. इटली की इस जीत ने वर्ल्ड क्रिकेट को हैरान कर दिया. इसी के साथ इटली ने इस टी20 वर्ल्ड कप में अपनी छाप छोड़ दी है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. यह कमाल किसी चमत्कार से कम नहीं था, क्योंकि इटली का टी20 वर्ल्ड कप का सफर आसान नहीं रहा था. इटली एक ऐसा देश है, जहां पर फुटबॉल धर्म माना जाता है, लेकिन क्रिकेट पर ध्यान नहीं जाता था. एक समय ऐसा भी था जब इटली में खेलने के लिए घास की पिच तक नहीं थी, जहां पर खिलाड़ी मैच खेल पाएं. हालांकि देश में कुछ ऐसे लोग भी थे, जिनके अंदर क्रिकेट का जुनून था. इन्हीं लोगों ने ही इटली में क्रिकेट को जीवित रखा. ऐसे में आइए जानते हैं कि इटली में क्रिकेट की शुरुआत की अनसुनी कहानी…
श्रीलंकाई ने इटली में बोए क्रिकेट के बीज
इटली में क्रिकेट की शुरुआत का खास क्रेडिट श्रीलंका के फ्रांसिस जयराजा को दिया जाता है. साल 1968 में फ्रांसिस जयराजा श्रीलंका के जाफना से गणित पढ़ने रोम पहुंचे थे. उस समय जयराजा ने यह नहीं सोचा था कि वे इटली क्रिकेट टीम के पहले कप्तान बनेंगे. जयराजा दिन में नौकरी करते थे, जिसके बाद शाम दो विदेशी दूतावास के कर्मचारियों के साथ क्रिकेट खेलते थे. इसी दौरान जयराजा की मुलाकात सिमोने गैम्बिनो से हुई. सिमोने गैम्बिनो ऐसे शख्स थे, जो इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट देख चुके थे. यह देखकर उन्होंने इटली में भी क्रिकेट को बढ़ावा देने का फैसला किया था. जयराजा से मिलने के बाद गैम्बिनो ने उनके साथ मिलकर साल 1980 में ‘इटालियन क्रिकेट फेडरेशन’ की नींव रखी. इसके बाद साल 1984 में इटली की टीम ICC का एफिलिएट देश बना. इटली की टीम पहली बार 1984 में इंग्लैंड दौरे पर गई. इस टूर पर इटली के टीम की कप्तानी जयराजा को सौंपी गई.
इटली में क्रिकेट क्लब की शुरुआत
इटली में फुटबॉल काफी ज्यादा फेमस था. इस देश में लोगों को क्रिकेट के बारे में समझाना बेहद मुश्किल था. हैरानी की बात है कि इटली के फेमस फुटबॉल क्लब एसी मिलान और युवेंटस की शुरुआत क्रिकेट और फुटबॉल क्लब के रूप में ही हुई थी. पहले इसका नाम ‘मिलान फुटबॉल एंड क्रिकेट क्लब’ था. हालांकि 1900 के दशक में इस क्लब से क्रिकेट पूरी तरह गायब ही हो गया. इसकी वजह थी कि वहां की सरकार क्रिकेट को अंग्रेजों का खेल बताती थी, जिसके चलते इसे दबा दिया गया.
कुछ शहरों में क्रिकेट पर लगा था बैन
इतना ही नहीं, इटली के कुछ शहरों में साल 2023-24 के क्रिकेट पर बैन भी लगाया जा चुका है. इटली के मोनफाल्कन शहर की मेयर ने पार्कों में क्रिकेट खेलने पर रोक लगा दी थी. उनका कहना था कि यह संस्कृति और सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है. इसके अलावा इटली में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर भी ठीक नहीं था. इटली में क्रिकेट के जनक माने जाने वाले गैम्बिनो ने बताया कि ‘शायद हम वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले ऐसे देश हैं, जिसके पास अपने देश में ढंग की घास वाली विकेट तक नहीं हैं.’ इन सभी चुनौतियों के बावजूद इटली में क्रिकेट का जुनून लोगों के दिलों में बसा रहा.
इस साल इटली की टीम भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेल रही है. इटली ने 12 फरवरी 2026 को नेपाल को हराकर टी20 विश्व कप में अपनी पहली जीत हासिल की. हालांकि इटली की टीम इस वर्ल्ड कप में लीग स्टेज से ही बाहर हो चुकी है. इटली ने 3 मैचों में 1 जीत हासिल की है, जबकि 2 मुकाबलों में हार का सामना किया है.