CSK Fielding Coach: IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से जुड़ी खबर सामने आई है. CSK ने इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज जेम्स फोस्टर (James Foster) को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल किया है. जेम्स फोस्टर को CSK टीम का फील्डिंग कोच बनाया गया है. इससे चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की टीम की ज्यादा मजबूती मिलेगी. हालांकि CSK के इस फैसले से कुछ फैंस हैरान हो गए. दरअसल, फैंस को उम्मीद थी कि मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर सुरेश रैना को CSK का फील्डिंग कोच बनाया जाएगा. दरअसल, सुरेश रैना ने लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेला है. वह अपने समय में दुनिया के बेहतरीन फील्डर्स में गिने जाते थे. हालांकि CSK ने सुरेश रैना की बजाय जेम्स फोस्टर को टीम का फील्डिंग कोच बनाने का फैसला किया है. बता दें कि 45 वर्षीय जेम्स फोस्टर इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी रहे हैं. हालांकि उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा. जेम्स फोस्टर ने इंग्लैंड के लिए 7 टेस्ट, 11 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं.
फोस्टर को कोचिंग का कितना एक्सपीरियंस?
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, जेम्स फोस्टर इस महीने के अंत तक CSK के कोचिंग स्टाफ से जुड़ जाएंगे. फोस्टर के आने से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को मजबूती मिलेगी, क्योंकि पिछले साल टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा था. बता दें कि जेम्स फोस्टर पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के फील्डिंग कोच रह चुके हैं. इतना ही नहीं, जेम्स फोस्टर पेशावर जाल्मी (PSL), नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स (द हंड्रेड), डेजर्ट वाइपर्स (ILT20) जैसी बड़ी क्रिकेट लीग में कोचिंग स्टार के तौर पर काम कर चुके हैं. CSK की टीम ने पिछले साल फील्डिंग में काफी गलतियां की थीं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि जेम्स फोस्टर के आने से टीम की फील्डिंग में सुधार होगा.
CSK का कोचिंग स्टाफ
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम IPL 2026 में मजबूत वापसी करने की तैयारी कर रही है. CSK के कोचिंग स्टाफ में हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग, बैटिंग कोच माइक हसी, बॉलिंग कोच एरिक साइमन्स, असिस्टेंट बॉलिंग कोच श्रीधरन श्रीराम शामिल हैं. इसके अलावा कोचिंग स्टाफ में राजीव कुमार भी पहले से मौजूद हैं. CSK के टीम मैनेजर की जिम्मेदारी रसेल राधाकृष्णन संभाल रहे हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों ने प्री-सीजन कैंप शुरू कर दिया है. एमएस धोनी, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे जैसे स्टार खिलाड़ी कैंप में हिस्सा ले रहे हैं, जहां पर जमकर पसीना बहाते हैं. नए सीजन की शुरुआत से पहले CSK ने संजू सैमसन को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है. चेन्नई सुपर किंग्स की टीम नए सीजन में पिछले साल के प्रदर्शन को भुलाकर नई शुरुआत करना चाहेगी. पिछले साल CSK को 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत मिली थी. इस खराब प्रदर्शन के चलते टीम ने प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे फिनिश किया था.