नई दिल्ली. आईपीएल के टिकटों को लेकर मारामारी शुरू हो गई है. 28 मार्च को आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आमने सामने होगी. इस बीच विजयानंद काशप्पनावर को भी टिकट नहीं मिल रही है. जो कि एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं. वह कर्नाटक विधान सभा में हंगुंड क्षेत्र से MLA हैं. वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से हैं. उनका कहना है कि हम वीआईपी लोग हैं और हम आम लोगों की तरह लाइन में खड़े नहीं हो सकते हैं. हर विधायक को कम से कम 5 टिकट मिलने चाहिए. उन्होंने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ पर पैसे इकट्ठा करने का भी आरोप लगाया है.
MLA विजयानंद काशप्पनावर ने मीडिया से कहा, “इस महीने की 28 तारीख को एक आईपीएल मैच शुरू होने वाला है. कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) विधायक, मंत्रियों और उनके परिवारों को टिकट नहीं दे रहा है. वे सरकार से सभी सुविधाएं ले रहे हैं. उन्हें सुरक्षा सहित सब कुछ सरकार की तरफ से मिल रहा है. लेकिन वे विधायकों का सम्मान नहीं कर रहे हैं.”
हर विधायक को मिलने चाहिए 5 टिकट
काशपनावर ने ऑनलाइन टिकट बिक्री में काला बाजारी करने का आरोप लगाया. “तो हमने सरकार से अनुरोध किया. विपक्ष के नेता ने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया. मैंने उसका समर्थन किया और हमने स्पीकर से अनुरोध किया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए हर विधायक को कम से कम 5 टिकट जारी की जाए.”
हम वीआईपी लोग हैं
विधायक ने अलग बैठने की व्यवस्था की भी मांग की. “हम VIP हैं. हम कतार में खड़े नहीं हो सकते. पिछली बार हम गए थे, तो हमें कतार में खड़ा होना पड़ा. वे हमें जनता के साथ गैलरी में भेज रहे हैं. यह स्वीकार्य नहीं है.” KSCA की आलोचना करते हुए काशपनावर ने कहा, “वे किसी की नहीं सुनते. उन्होंने बहुत बड़ा हो गए हैं. वे पैसे इकट्ठा कर रहे हैं और इसका आनंद ले रहे हैं. यह नहीं होने वाला.”