Kuldeep Yadav Marriage: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. टीम इंडिया के इस चाइनामैन गेंदबाज की शादी को लेकर इन दिनों क्रिकेट फैंस के बीच काफी चर्चा हो रही है. खबरों के मुताबिक कुलदीप 14 मार्च को अपनी मंगेतर वंशिका चड्ढा के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे. इस खास मौके पर भारतीय क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हो सकते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम के कई मौजूदा खिलाड़ी समारोह में शामिल हो सकते हैं. इनमें जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे नाम शामिल हैं. इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर के भी समारोह में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. भारतीय टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस शादी समारोह में नजर आ सकते हैं.
मसूरी में होगी शादी
रिपोर्ट्स के अनुसार कुलदीप यादव की शादी उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में आयोजित की जाएगी. यहां के एक मशहूर लग्जरी होटल में शादी से जुड़े कार्यक्रम होंगे. समारोह को खास बनाने के लिए मेहंदी, हल्दी और संगीत जैसे पारंपरिक कार्यक्रम भी रखे गए हैं, जिनमें परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल होंगे.
सीएम योगी हो सकते हैं शामिल
पिछले हफ्ते उनके पिता राम सिंह यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उन्हें व्यक्तिगत रूप से शादी का निमंत्रण दिया. बताया जा रहा है कि यह मुलाकात औपचारिक तौर पर शादी का कार्ड देने के लिए की गई थी. सीएम योगी शादी में आएंगे या नहीं ये तो समय ही बताएगा.
क्या 20 हजार की है एक थाली
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कुलदीप यादव की शादी में एक थाली की कीमत करीब 20000 रुपए बताई जा रही है. यानी कि अगर 5 लोग भी आए तो एक लाख रुपए खर्च हो जाएंगे. बताया जा रहा कि कुलदीप अपनी शादी के लिए खुलकर खर्च रहे हैं और उनकी अनुमानित खर्च करीब 3-4 करोड़ के बीच बताई जा रही है.