Kuldeep Yadav Wedding: टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के खेमे से एक और खुशखबरी सामने आई है. भारत के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं. कुलदीप यादव इसी महीने अपनी मंगेतर वंशिका से शादी रचाएंगे. कुलदीप यादव और वंशिका की शादी 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी स्थित एक लग्जरी रिजॉर्ट में होगी. इस शादी में कपल के करीबी दोस्त और रिश्तेदार शामिल होंगे. इसके अलावा कुलदीप यादव के साथी क्रिकेटर्स और बीसीसीआई अधिकारियों के भी शादी में होने की संभावना है. रिपोर्ट्स के अनुसार, कुलदीप यादव की शादी की रस्में 13 मार्च को शुरू हो जाएंगी. 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में पूरी की जाएंगी, जिसके बाद 14 मार्च को शादी होगी. बता दें कि कुलदीप यादव और वंशिका पिछले साल नवंबर में सात फेरे लेने वाले थे, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) स्क्वाड में चुने जाने के बाद क्रिकेटर ने शादी की डेट आगे बढ़ा दी. जानें कौन हैं कुलदीप यादव की होने वाली दुल्हनिया…
कौन हैं कुलदीप यादव की मंगेतर?
कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) की होने वाली वाइफ वंशिका कानपुर की रहने वाली हैं. वे दोनों एक-दूसरे को बचपने से जानते हैं. सालों तक एक-दूसरे को जानने-समझने के बाद कुलदीप यादव और वंशिका ने शादी करने का फैसला किया. वंशिका ने साल 2017 में सेंट मैरी से 12वीं पास की थी. इसके बाद वंशिका आगे की पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गई. फिलहाल वह ऑस्ट्रेलिया में जॉब कर रही हैं. बता दें कि वंशिका के पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा LIC में कार्यरत हैं.
सीएम योगी को भी दिया निमंत्रण
स्टार क्रिकेटर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी में क्रिकेट जगत के तमाम खिलाड़ी नजर आएंगे. इसके अलावा कुलदीप की शादी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हो सकते हैं. कुलदीप यादव के पिता रामसिंह यादव ने 8 मार्च को सीएम योगी से मुलाकात कर उन्हें शादी और रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया. 14 मार्च को कुलदीप यादव और वंशिका की शादी होगी. इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक ग्रेंड रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा.
पिछले साल हुई थी सगाई
कुलदीप यादव ने पिछले साल 4 जून को लखनऊ के एक होटल में वंशिका के साथ सगाई की थी. इसके बाद नवंबर 2025 में शादी की डेट तय की गई थी. इस बीच टी20 वर्ल्ड कप के लिए कुलदीप यादव को भारतीय टीम में शामिल किया गया, जिसके बाद कुलदीप यादव ने अपने खेल पर फोकस करने का फैसला किया. इसकी वजह से कुलदीप यादव ने अपनी शादी की डेट आगे बढ़ दी. अब ये कपल 14 मार्च को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं.