Mobile Missing During IPL 2026 Match: 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए IPL मैच के शुरुआती दौर में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. मैच देखने आए दर्शकों के कम से कम 25 मोबाइल फोन गायब हो गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी है.
यह घटना तब सुर्खियों में आई जब एक पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था और फोन चोरी की समस्या को लेकर चिंता जताई गई थी. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ितों से संपर्क करना शुरू कर दिया.
पुलिस का क्या कहना है?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमें मैच के दौरान फोन गुम होने के संबंध में अब तक 25 लिखित शिकायतें मिली हैं. शुरुआती जांच से पता चलता है कि फोन या तो चोरी हो गए थे या फिर एंट्री गेट के पास भारी भीड़ के बीच कहीं गिर गए थे. ज्यादातर पीड़ितों को स्टेडियम में घुसने के बाद ही पता चला कि उनके फोन गायब हैं.
जांच और सुरक्षा पर सवाल
बेंगलुरु पुलिस अब संभावित संदिग्धों की पहचान करने के लिए स्टेडियम के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. IPL जैसे बड़े आयोजन में जहां आमतौर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होती है वहीं इतनी बड़ी संख्या में फोन गायब होना सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. जहां एक ओर दर्शकों ने मैंच का भरपूर लुत्फ उठाया वहीं दूसरी ओर उन्हें अपने मोबाइल की टेंशन में भी काफी परेशान कर दिया. इस मैच में आरसीबी ने हैदराबाद को छह विकेट से मात दी और अपनी पहली जीत दर्ज की. मैच काफी शानदार रहा और लोगों ने इस दौरान कई पलों को संजोया लेकिन जिनका मोबाइल गुम हुआ वह पूरे मैच के दौरान परेशान ही रहे. फिलहाल, जांच जारी है.