Suryakumar Yadav: सूर्यकुमार यादव T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाले भारत के तीसरे कप्तान बन गए हैं. उन्होंने MS धोनी और रोहित शर्मा के नक्शे कदम पर चलते हुए यह उपलब्धि हासिल की है. हालांकि, कप्तान के तौर पर उनकी नियुक्ति थोड़ी हैरानी वाली थी क्योंकि रोहित की कप्तानी में वे टीम के उप-कप्तान भी नहीं थे.
कई लोगों को लगा कि मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर ही उनके कैप्टन बनने की वजह थे, जिनकी कप्तानी में सूर्यकुमार कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के उप-कप्तान रह चुके थे. लेकिन अब सूर्यकुमार ने खुलासा किया है कि T20I कप्तान के तौर पर उनकी नियुक्ति में गंभीर का नहीं, बल्कि चार अन्य लोगों का हाथ था.
इन्होंने लिया था फैसला
सूर्यकुमार ने बताया कि BCCI के पूर्व सचिव जय शाह, BCCI के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने मिलकर सूर्यकुमार को कप्तान बनाने का फैसला लिया था. सूर्यकुमार के अनुसार, एक समय ऐसा भी आया जब उस टाइम के BCCI सचिव जय भाई ने श्रीलंका सीरीज़ से तीन-चार दिन पहले मुझे फोन किया. उन्होंने मुझे कॉल करके बताया कि वे मुझे आगे के लिए T20 टीम का कप्तान बना रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा कि मुझे पूरा यकीन था कि उस समय यह सब रोहित भाई और अजीत भाई मिलकर प्लान कर रहे थे. गौतम भाई तो बाद में आए. उन दोनों ने राहुल सर यानी उस समय के कोच राहुल द्रविड़ के साथ मिलकर जय भाई से इस बारे में बात की थी. फिर उन्होंने यह फैसला लिया कि आगे चलकर भारत की कप्तानी मुझे ही करनी चाहिए.
इस तरह रही कप्तानी
भारत की T20I टीम की कप्तानी करते हुए सूर्यकुमार ने 52 में से 42 मैच जीते हैं और उनका जीत का प्रतिशत 80 से भी ज्यादा है. कप्तान के तौर पर जब से उन्होंने यह जिम्मेदारी परमानेंट तौर पर संभाली है तब से वे एक भी द्विपक्षीय T20I सीरीज नहीं हारे हैं. अब 35 साल के हो चुके सूर्यकुमार भारत के T20I कप्तान के तौर पर सबसे ज़्यादा जीत हासिल करने वालों की सूची में रोहित से सिर्फ़ आठ जीत पीछे हैं.