4
Pakistan vs Bangladesh: ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. बांग्लादेश की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई. मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनका यह फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने नई गेंद से शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को जल्दी-जल्दी पवेलियन भेज दिया.
उनकी सटीक और तेज गेंदबाजी के कारण पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई. पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. मध्य क्रम में फहीम अशरफ (37) ने कुछ देर तक संघर्ष करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा सहयोग नहीं मिला. लगातार गिरते विकेटों के कारण पाकिस्तान की पूरी टीम केवल 114 रन पर सिमट गई.
बांग्लादेश ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया
115 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की. सलामी बल्लेबाज तंदीज हसन ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए तेजी से रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. उन्होंने कई शानदार चौके लगाए और पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. हालांकि बांग्लादेश को बीच में दो विकेट गंवाने पड़े, लेकिन लक्ष्य छोटा होने के कारण टीम पर ज्यादा दबाव नहीं आया. अंत में बांग्लादेश ने केवल 15.1 ओवर में 115 रन बनाकर मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया.
नाहिद राणा की शानदार बॉलिंग
इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए नाहिद राणा को 5 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. उनकी घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को शुरुआत में ही झटका दे दिया था. इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज में मजबूत शुरुआत की है, जबकि पाकिस्तान को अगले मुकाबले में वापसी के लिए अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार करना होगा. दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच 13 मार्च को खेला जाएगा.