Pakistan Spinner Usman Tariq: भारत के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी को दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में गिना जाता है. एमएस धोनी दुनिया के कई खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. भारत समेत विश्व भर के कई युवा खिलाड़ी उनकी कहानी से प्रोत्साहित होकर क्रिकेट में करियर बनाते हैं. एमएस धोनी की फॉलोइंग सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भी है. धोनी की क्रिकेट जर्नी पर बनी बायोपिक फिल्म ने एक पाकिस्तानी क्रिकेटर को फिर से क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया. दरअसल, ये कहानी है पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक की. पाकिस्तानी क्रिकेटर उस्मान तारिक खेल छोड़कर सेल्समैन का जॉब कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एमएस धोनी की बायोपिक फिल्म देखी, जिससे मोटिवेट होकर उन्होंने फिर से क्रिकेट में वापसी की. उस्मान पर एमएस धोनी की फिल्म का ऐसा असर हुआ कि उन्होंने कड़ी मेहनत करके पाकिस्तान की नेशनल टीम में अपनी जगह बनाई. पढ़ें पूरी स्टोरी…
उस्मान तारिक ने छोड़ दिया था क्रिकेट
दरअसल, पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक बचपन से क्रिकेटर बनना चाहते थे. इसके लिए वह कड़ी मेहनत भी करते थे, लेकिन उनका बॉलिंग एक्शन थोड़ा अजोबीगरीब था. सालों तक मेहनत के बाद पाकिस्तान की घरेलू टीम में उस्मान तारिक का सेलेक्शन नहीं हुआ. इससे निराश होकर उस्मान ने क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया. इसके बाद पैसे कमाने के लिए उस्मान तारिक पाकिस्तान से दुबई चले गए. वहां पर उस्मान ने एक खरीदारी कंपनी में सेल्समैन के तौर पर काम करना शुरू किया. दुबई में रहने के दौरान ही उस्मान तारिक ने एमएस धोनी की बायोपिक फिल्म देखी. इस फिल्म में एमएस धोनी का लाइफ स्ट्रगल दिखाया गया है, जिसमें उन्होंने रेलवे टिकट कलेक्टर (TTE) से भारतीय विश्व विजेता टीम का कप्तान बनने का सफर तय किया.
27 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू
एमएस धोनी की बायोपिक फिल्म देखकर उस्मान तारिक को खूब प्रेरणा मिली, जिसके बाद उन्होंने क्रिकेट में वापसी करने का फैसला किया. उस्मान तारिक ने दुबई में नौकरी छोड़ दी और फिर पाकिस्तान लौट गए. पाकिस्तान लौटने के बाद उस्मान ने अपने खेल पर कड़ी मेहनत की और मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी पर ध्यान दिया. फिर उन्हें कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 में खेलने का मौका मिला. इस लीग में उस्मान तारिक ने 20 विकेट लेकर सभी को हैरान कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान की नेशनल टीम में उनका सेलेक्शन हो गया. उन्होंने नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान के लिए अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया.
उस्मान तारिक का करियर
उस्मान तारिक ने अभी तक पाकिस्तान के लिए सिर्फ 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इसमें उन्होंने 5.62 की अच्छी इकॉनमी से कुल 8 विकेट अपने नाम किए हैं. इसके अलावा उस्मान ने टी20 क्रिकेट में 41 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 67 विकेट हासिल किए हैं. उस्मान तारिक का एक्शन काफी अजीबोगरीब माना जाता है. दरअसल, वह गेंद डालते समय बहुत ज्यादा रुकते हैं. वह लगभग दो सेकंड तक पूरी तरह रुक जाते हैं. फिर अपने साइड-आर्म एक्शन से ऑफ-ब्रेक गेंदें डालते हैं.