Pakistan Cricket Controversy: जले पर नमक छिड़कने वाली बात यह है कि श्रीलंका के कैंडी में ठहरे एक पाकिस्तानी खिलाड़ी पर वहां के होटल की महिला स्टाफ के साथ बदतमीजी करने का आरोप लगा है. ‘टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस हरकत के लिए टीम मैनेजर ने खिलाड़ी पर जुर्माना भी लगाया है. यह घटना श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के आखिरी सुपर-8 मैच से ठीक पहले हुई, जिसकी चर्चा आजकल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और टीम के गलियारों में दबी जुबान में हो रही है.
हाउसकीपिंग स्टाफ की महिला के साथ गलत व्यवहार
सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है, ‘मैच से पहले पाकिस्तान टीम के एक खिलाड़ी ने हाउसकीपिंग स्टाफ की महिला के साथ गलत व्यवहार किया. जब महिला चिल्लाई और मदद मांगी, तो होटल के लोग वहां पहुंचे और उन्होंने इस मामले की शिकायत पाकिस्तानी टीम के मैनेजर नावेद चीमा से की.’
नावेद चीमा ने खिलाड़ी की तरफ से माफी मांगी
खबर है कि ‘गोल्डन क्राउन होटल’ का मैनेजमेंट इस मामले में कड़ी कार्रवाई चाहता था, लेकिन नावेद चीमा ने खिलाड़ी की तरफ से माफी मांग ली और उस पर जुर्माना लगाकर मामला शांत कराया. हालांकि पाकिस्तान ने वह मैच 5 रन से जीत लिया था, लेकिन नेट रन-रेट कम होने की वजह से टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी और रविवार-सोमवार को टुकड़ों में वतन वापस लौट गई. अब खबर है कि उस खिलाड़ी को PCB की अनुशासन समिति के सामने पेश होना पड़ सकता है, जहां उसे और कड़ी सजा मिल सकती है।
हैदर अली को रेप के आरोप में मैनचेस्टर पुलिस ने गिरफ्तार किया
रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया गया है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों और स्टाफ का विदेशी दौरों पर बदतमीजी का पुराना इतिहास रहा है. पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर युवा बल्लेबाज हैदर अली को रेप के आरोप में मैनचेस्टर पुलिस ने गिरफ्तार किया था. हालांकि, सबूतों की कमी की वजह से अदालत ने उन्हें छोड़ दिया. कुछ साल पहले मलेशिया दौरे पर भी टीम के मसाजर मलंग अली पर एक महिला स्टाफ के साथ बदसलूकी करने के आरोप में जुर्माना लगाया गया था.