PCB Action On Pakistani Players: अक्सर आपने देखा होगा कोई टूर्नामेंट जीतने पर क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को इनाम देते हैं. लेकिन क्या आपने कभी ऐसा देखा है कि कोई बोर्ड अपने खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन पर सजा के तौर पर उन पर जुर्माना लगाए. शायद अभी तक क्रिकेट इतिहास में ऐसा नहीं हुआ है, लेकिन अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ऐसा किया है. दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन बहुत खराब रहा. पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट के सुपर-8 स्टेज से बाहर हो गई. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने सिर्फ 1 टेस्ट प्लेइंग नेशन (श्रीलंका) को हराया. पाकिस्तान ने इस विश्व कप में सिर्फ एसोसिएट टीमों को हराया, जिसमें यूएसए नामीबिया जैसी टीमें शामिल रहीं. भारत और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ पाकिस्तान को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई और टूर्नामेंट से बाहर हो गई. अब एक चौंकाने वाली रिपोर्ट आई है, जिसमें बताया गया कि PCB ने पाकिस्तानी स्क्वाड में शामिल सभी खिलाड़ियों पर 50-50 लाख का जुर्माना लगाने का फैसला किया है.
खिलाड़ियों पर लगेगा बड़ा जुर्माना
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ ICC टूर्नामेंट्स में निराशाजनक प्रदर्शन किया है. इसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. tribune.com.pk की रिपोर्ट के अनुसार, T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के उनके खिलाड़ियों के लिए महंगी साबित हुई है. PCB ने वर्ल्ड स्क्वाड में शामिल सभी खिलाड़ियों पर 5 मिलियन (50 लाख) रुपये का जुर्माना लगाया गया. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि यह फैसला भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद ही ले लिया गया था.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड को मुश्किल से हरा पाया था. फिर पाकिस्तान ने यूएसए को हराया. इसके बाद पाकिस्तान को भारत के खिलाफ कोलंबो में मैच खेलना था, जहां पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों के पास एडवांटेज था, लेकिन वहां पर भी पाक टीम चूक गई. भारत ने पाकिस्तान (IND vs PAK) को कोलंबो में जाकर बुरी तरह हरा दिया.
2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी बुरा हाल
इससे पहले साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान का प्रदर्शन खराब रहा था. यह टूर्नामेंट अमेरिका और वेस्टइंडीज में आयोजित किया गया था. इसमें पाकिस्तान की टीम यूएसए और भारत से हारने के बादल ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था. पाकिस्तान की टीम सुपर-8 के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई थी.
क्या साहिबजादा फरहान पर भी लगेगा जुर्माना?
पाकिस्तान ने अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को करीबी मुकाबले में 5 रनों से हराया था. इस मुकाबले के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा था कि उनकी टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई. सलमान आगा ने खुद स्वीकार किया उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में निराशाजनक रहा. हालांकि पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने शानदार प्रदर्शन किया. साहिबजादा फरहान ने इस टूर्नामेंट में 7 मैचों में 76.60 के औसत से 383 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी आए. इसी के साथ ही फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या PCB साहिबजादा फरहान पर भी जुर्माना लगाएगी, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अकेले के दम पर टीम की जिम्मेदारी संभाली.