Cricketer vs Actress: पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के पूर्व बल्लेबाज और श्रीलंका के स्टार क्रिकेटर भानुका राजपक्षे अपनी एक्स गर्लफ्रेंड एक्ट्रेस हर्षी रसंगा विवाद में फंस गए हैं. श्रीलंकाई क्रिकेटर भानुका ने एक्ट्रेस को लीगल नोटिस भेजकर कार्रवाई की है. इस नोटिस के बाद पुलिस ने जांच के सिलसिले में एक्ट्रेस हर्षी रसंगा को गिरफ्तार भी कर लिया. दरअसल, यह पूरा मामला गोल्ड चेन से विवाद से जुड़ा हुआ है. क्रिकेटर भानुका राजपक्षे ने अपने नोटिस में लिखा कि उन्होंने अस्थाई तौर पर हर्षी रसंगा को एक गोल्ड चेन दिया था. इस गोल्ड चेन की कीमत 9 लाख रुपये थी, जिसे एक्ट्रेस हर्षी ने बिना बताए गिरवी रख दी. वहीं, एक्ट्रेस हर्षी रसंगा ने सोशल मीडिया के जरिए अलग ही कहानी सुनाई, जिसके बाद भानुका राजपक्षे ने कानूनी कार्रवाई शुरू की. फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जानें क्या है पूरा मामला…
एक्ट्रेस हर्षी रसंगा हुईं गिरफ्तार
श्रीलंकाई क्रिकेटर के नोटिस के बाद श्रीलंका की थलंगगामा पुलिस ने हर्षी रसंगा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने एक्ट्रेस को कडुवेला मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया. अदालत में हर्षी रसंगा के वकील ने स्वीकार किया कि उन्होंने गोल्ड चेन को क्रिकेटर को बिना बताए ही गिरवी रखा है. साथ ही कोर्ट में एक्ट्रेस ने वाद किया कि वह गोल्ड चेन को गिरवी से वापस लाकर क्रिकेटर भानुका राजपक्षे को लौटा देगी. इसके बाद कोर्ट ने एक्ट्रेस हर्षी रसंगा को 5-5 लाख रुपये के दो मुचलके पर जमानत दे दी.
22 अप्रैल को होगी सुनवाई
कोर्ट ने इस मामले में की अगली सुनवाई के लिए 22 अप्रैल की तारीख तय की है. एक्ट्रेस हर्षी रसंगा ने गोल्ड चेन को गिरवी से छुड़ाकर वापस देने का वादा किया है. जमानत के बाद हर्षी रसंगा ने मीडिया से बातचीत के दौरान सनसनीखेज खुलासा किया. एक्ट्रेस ने बताया कि भानुका राजपक्षे ने निजी संबंधों के दौरान उन्हें गोल्ड चेन गिफ्ट में दे थी.
कौन हैं भानुका राजपक्षे?
भानुका राजपक्षे श्रीलंका क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी हैं. श्रीलंका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के साथ भानुका राजपक्षे आईपीएल में भी खेल चुके हैं. उन्होंने आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए कई मुकाबले खेले हैं. उनके आईपीएल करियर की बात करें, तो भानुका राजपक्षे ने आईपीएल में कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 145.02 के स्ट्राइक रेट से 1 अर्धशतक की मदद से 277 रन बनाए हैं. वहीं, इंटरनेशनल क्रिकेट की बात करें, तो भानुका ने श्रीलंका के लिए 5 वनडे, 45 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. उन्होंने वनडे में 89 और टी20 इंटरनेशनल में 744 रन बनाए हैं. भानुका राजपक्षे ने साल 2021 में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था. वहीं, पिछले साल टी20 इंटरनेशनल में खेलते दिखाई दिए थे.