Pak vs Afg Asia Cup 2022: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से राइवलरी चल रही है, जो अक्सर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिलती है. इसी तरह पिछले कुछ सालों में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर कड़ी टक्कर देखने को मिली है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में सबसे यादगार मैच खेला गया था, जिसमें पाक को बुरी तरह का सामना करना पड़ा था. इस जीत के बाद अफगानिस्तान में जश्न का माहौल था. अफगानिस्तान के फैंस आज भी इस बड़ी जीत को याद करते हैं. हालांकि इस जीत से पहले अफगानिस्तान को एक ऐसी हार मिली थी, जिसके बाद पूरे देश का दिल टूट गया था. साल 2022 के एशिया कप (टी20 फॉर्मेट) में पाकिस्तान के खिलाफ अफगानिस्तान तो हार झेलनी पड़ी थी.
मोहम्मद नबी की कप्तानी वाली अफगानी टीम (Afghanistan Cricket Team) को पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर में हार का सामना करना पड़ा था. अब इस हार को लेकर अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर रहमानुल्लाह गुरबाज ने सनसनीखेज खुलासा किया है. गुरबाज ने बताया कि अफगानिस्तान में कई क्रिकेट फैंस इस हार को बर्दाश्त नहीं कर पाए थे. इसके चलते उन्होंने बड़े कदम उठा लिए थे.
कुछ लोगों ने किया सुसाइड?
अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर 2022 एशिया कप में मिली हार पर बात की. गुरबाज ने कहा कि यह हार देश के कुछ फैंस पचा नहीं पाए, जिसके चलते कुछ लोगों ने सुसाइड जैसा कदम भी उठा लिया. जहां एक अफगानिस्तान के खिलाड़ी उसे एक हार समझ कर भुला चुके थे, वहीं फैंस उस हार को दिल पर ले बैठे. इस दौरान गुरबाज ने उस हार को याद करते हुए कहा कि उन्हें वह मैच हारना नहीं चाहिए था. गुरबाज ने कहा कि उस मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम ने बैटिंग अच्छी नहीं की थी, लेकिन गेंदबाजी काफी शानदार थी. फिर भी आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा.
कैसा रहा था वो मैच?
एशिया कप 2022 के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शारजाह स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला गया था. इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 130 रनों का लक्ष्य दिया था. अफगानिस्तान ने शुरुआत में काफी अच्छी गेंदबाजी की और मैच को रुख अपनी ओर मोड़ लिया. हालांकि आखिरी ओवर में पाकिस्तान के नसीम शाह ने अफगानिस्तान के मुंह से जीत छीन ली. नसीन शाह ने आखिरी ओवर में फजलहक फारूकी को लगातार 2 छक्के लगाकर अपनी टीम को 1 विकेट से जीत दिला दी.
गुरबाज ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में बताया कि जब भी वे शारजाह स्टेडियम में कदम रखते हैं, तो उन्हें वो हार याद आ जाती है. अफगानी स्टार ने कहा, ‘हम क्रिकेटर हैं. हम अफगानिस्तान के लोगों के लिए खेलते हैं. हमारी खुशी हमारे लोगों की खुशी में है.
इस मैच को बताया सबसे यादगार
रहमानुल्लाह गुरबाज ने बताया कि उनके लिए सबसे यादगार जीत पाकिस्तान के खिलाफ 2023 के वर्ल्ड कप में आई थी. उस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान ने बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम को 8 विकेट से हराया था. यह जीत अफगानिस्तान के फैंस के लिए पिछले साल मिली हार के जख्म पर मरहम थी. इस जीत के बाद पूरे देश में जश्न मनाया गया था. गुरबाज का कहना है कि उनके फैंस चाहते हैं कि वे पाकिस्तान से अच्छी क्रिकेट खेलें और उन्हें हराएं.