RCB vs SRH Predicted Playing XI: IPL 2026 का ओपनिंग मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होगा, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. इस मुकाबले में दोनों टीमों के लिए गेंदबाजी चिंता का विषय बना हुआ है. दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे. इससे हैदराबाद की टीम की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही है. नई गेंद से पैट कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद को काफी मजबूती देने का काम करते हैं. अब उनकी गैरमौजूदगी में हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट पर ज्यादा जिम्मेदारी रहेगी. वहीं, दूसरी ओर आरसीबी की टीम भी गेंदबाजी की समस्या से जूझ रही है. आरसीबी के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड IPL 2026 के शुरुआती मैचों में नहीं खेलेंगे. इसके अलावा लेफ्ट आर्म पेसर यश दयाल पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. ऐसे में आरसीबी को इन दोनों तेज गेंदबाजों की कमी खूब खलेगी.
बल्लेबाजी दोनों टीमों की ताकत
IPL 2026 में आरसीबी (Royal Challengers Bengaluru) और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमों की ताकत उनकी बल्लेबाजी है. SRH की टीम में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं, जो अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. इसके अलावा लोअर ऑर्डर में लियाम लिविंगस्टोन और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे बल्लेबाज अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से शानदार फिनिशिंग दे सकते हैं. वहीं, दूसरी ओर आरसीबी की बल्लेबाजी भी काफी मजबूत नजर आ रही है. विराट कोहली, फिल साल्ट और देवदत्त पडिक्कल टॉप ऑर्डर की जिम्मेदारी संभालेंगे.
इंग्लैंड के विस्फोटक ओपनर फिल साल्ट दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. इसके अलावा विराट कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से हैं, जो आरसीबी की ओर अपना 19वां सीजन खेलने के लिए तैयार हैं. वहीं, मिडिल ऑर्डर में जितेश शर्मा और रजत पाटीदार शानदार बल्लेबाजी करके टीम के स्कोरबोर्ड को तेजी से बढ़ा सकते हैं. इसके अलावा टिम डेविड और रोमारियो शेपर्ड जैसे धाकड़ फिनिशर भी आरसीबी की टीम में मौजूद हैं.
गेंदबाजों में किन्हें मिलेगा मौका?
पैट कमिंस (Pat Cummins) की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे. उनके साथ ब्रायडन कार्स और ईशान मलिंगा नजर आ सकते हैं, जबकि स्पिन की कमान हर्ष दुबे कामिंदु मेंडिस दिखाई दे सकते हैं. इसके अलावा कुछ नए चेहरे भी डेब्यू करते हुए देखने को मिल सकते हैं. वहीं, आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या पर अतिरिक्त जिम्मेदारी रहेगी. जोश हेजलवुड की जगह जैकब जफी खेलते दिखाई देंगे, जबकि यश दयाल की कमी मंगेश यादव या रसिख डार सलाम पूरी कर सकते हैं. बता दें कि जैकब डफी और मंगेश यादव ने अभी तक आईपीएल डेब्यू नहीं किया है.
आरसीबी की संभावित प्लेइंग-11
विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जेकब बेथल/टिम डेविड, रोमारियो शेपर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जैकब डफी (इंपैक्ट प्लेयर: रसिख सलाम/वेंकटेश अय्यर)
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग-11
ईशान किशन (कप्तान, विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन/ईशान मलिंगा, अनिकेत वर्मा, ब्रायडन कार्स, हर्षल पटेल, जीशान अंसारी (इंपैक्ट प्लेयर: शिवम मावी/हर्ष दुबे)