181
नई दिल्ली. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबलों के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह पारिवारिक आपात स्थिति (इमरजेंसी) के कारण अचानक घर लौट गए हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मैच से पहले उनका टीम से अलग होना चर्चा का विषय बन गया है. यह टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका भी है. रिंकू टीम इंडिया के लिए बेहतर फिनिशर के रूप में जाने जाते हैं.
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, “रिंकू सिंह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण चेन्नई से अपने घर लौट गए हैं. वह चेपॉक में टीम के प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा नहीं ले पाए थे.” रिंकू के अचानक टीम छोड़ने से गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले सुपर 8 के अहम मुकाबले में उनके खेलने पर सवाल खड़े हो गए हैं. सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर के लिए एक नई टेंशन सामने आ गई है. अब उन्हें रिंकू की जगह एक नए प्लेयर को ग्राउंड पर उतारना होगा.
रिंकू के पिता की तबियत बिगड़ी
रिपोर्ट के अनुसार रिंकू के पिता खंचंद सिंह की तबीयत गंभीर है और उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसी वजह से रिंकू सिंह को तुरंत घर जाना पड़ा. रिंकू की जगह टीम मिडिल ऑर्डर में अब या तो संजू सैमसन या फिर अक्षर पटेल को खिला सकती है. हालांकि, साउथ अफ्रीका से हार के बाद अभिषेक शर्मा के चयन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए. ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग XI में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
रिंकू सिंह का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रिंकू का प्रदर्शन अब तक उतना अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मुंबई में डेब्यू किया, जहां वह 14 गेंदों में सिर्फ 6 रन बना सके. नामीबिया के खिलाफ दिल्ली में खेले गए मैच में वह 6 गेंदों पर 1 रन ही बना पाए. पाकिस्तान के खिलाफ वह 4 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ 3 गेंदों में 6 रन बनाए. सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0 पर आउट हुए थे.