Sachin Tendulkar Gifts His Jersey To Ayush Mhatre: भारत की अंडर-19 विश्व कप जीत के कुछ दिनों बाद, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आयुष म्हात्रे से मुलाकात की. सचिन तेंदुलकर ने वह जर्सी भेंट की, जो उन्होंने अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर की आखिरी टेस्ट सीरीज में पहनी थी. सचिन ने यह जर्सी आयुष म्हात्रे को सौंपी है.
सचिन ने सौंपी अपनी जर्सी
भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान म्हात्रे जिम्बाब्वे में ऐतिहासिक जीत के बाद मुंबई लौटे, जहां उनकी टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया. वापस लौटने पर म्हात्रे ने क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया. सचिन तेंदुलकर ने म्हात्रे को अपनी टेस्ट जर्सी भेंट की, साथ ही एक उसपर अपना संदेश भी लिखा.
क्या बोले सचिन तेंदुलकर?
वीडियो में तेंदुलकर ने म्हात्रे से कहा, ‘लगातार मेहनत करते रहो, ध्यान केंद्रित रखो. लोगों के बहकावे में मत आओ. अभ्यास करते रहो, एकाग्रता बनाए रखना जरूरी है. चाहे जो भी हो, ध्यान भटकाने वाली चीजें बहुत होंगी.’
आयुष म्हात्रे ने क्या लिखा?
आयुष म्हात्रे ने इंस्टा पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मैं आपको स्क्रीन पर देखते हुए बड़ा हुआ. आज मैं आपके घर पर खड़ा हूँ, आपकी यात्रा का एक टुकड़ा अपने हाथों में थामे हुए. इस सम्मान के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, सर. मैं इसे उसी आदर के साथ संजो कर रखूंगा, जिस आदर के साथ आपने वर्षों तक भारतीय क्रिकेट को संजो कर रखा.’
भारत ने अंडर-19 में किया कमाल
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने हरारे में खेले गए अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर अपना छठा खिताब अपने नाम किया. वैभव सूर्यवंशी की 80 गेंदों पर खेली गई 175 रनों की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने 411/9 का स्कोर खड़ा किया और फिर इंग्लैंड को 40.2 ओवरों में 311 रनों पर ऑल आउट कर दिया.