18
भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है. अब उनका सामना 5 मार्च को इंग्लैंड से होगा. इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे जिन्होंने 97 रन की पारी खेली. वहीं, संजू सैमसन जिन्हें टीम से बाहर करने की मांग उठ रही थी, उसी संजू सैमसन ने अपने बल्ले से ऐसा जवाब दिया कि हर आलोचक शांत हो गया. हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. लगातार कम स्कोर के बाद कई पूर्व खिलाड़ियों और फैंस ने उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की बात कही थी.
लेकिन बड़े खिलाड़ी वही होते हैं जो मुश्किल समय में खुद को साबित करें. वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में सैमसन ने 97 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया. शुरुआत में टीम के विकेट जल्दी गिर गए थे और दबाव साफ नजर आ रहा था. ऐसे समय में उन्होंने संयम दिखाया, पारी को संभाला और फिर मौके के अनुसार आक्रामक रुख अपनाया. ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने अंत तक पारी को संभाले रखा.
पारी में ठोके 4 छक्के और 12 चौके
कवर ड्राइव से लेकर लंबे छक्कों तक, हर स्ट्रोक यह बता रहा था कि वह आलोचनाओं का जवाब बल्ले से देना जानते हैं. 97 रन पर शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने मैच की दिशा बदल दी. अपनी पारी में उन्होंने 4 छक्के और 12 चौके मारे और 50 गेंदों का सामना भी किया था. उन्होंने बेहतरीन पारी खेलकर दिखा दिया है कि वह सेमीफाइनल मुकाबले के लिए भी तैयार हैं.
गंभीर सूर्या का भरोसा जीता
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार ने उन पर जो भरोसा जताया था, वह पूरी तरह सही साबित हुआ. यह पारी उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बन सकती है. क्योंकि पिछले कुछ मैच में उनके रन नहीं आए थे. ऐसे में सेलेक्टर्स पर उन्हें बाहर करने का दबाव था. लेकिन अब उन्होंने सभी का भरोसा जीत लिया है. अब सेमीफाइनल में टीम को उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी. भारत अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा.