Sanju Samson Post For His Wife: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने भारत को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई. संजू सैमसन ने भारत के लिए आखिरी 3 मैचों में लगातार अर्धशतक लगाया, जिसकी बदौलत भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब हासिल किया. इस बेहतरीन प्रदर्शन के बाद पूरे देश में संजू सैमसन (Sanju Samson) की जमकर तारीफ हो रही है. संजू सैमसन ने 8 मार्च को फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेली. इसके दम पर भारत ने 255 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसे कीवी टीम चेज नहीं कर पाई. संजू सैमसन ने इस विश्व कप में सभी मैचों में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड दिया गया. वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद संजू सैमसन तिरुवनंतपुरम में अपने घर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने अपनी वाइफ चारुलता रमेश सैमसन के लिए इमोशनल पोस्ट लिखा. इस पोस्ट में संजू सैमसन ने अपनी वाइफ को उनके सुख-दुख में हमेशा साथ निभाने के लिए धन्यवाद दिया.
संजू सैमसन का इमोशनल पोस्ट
संजू सैमसन ने सोशल मीडिया पर अपनी वाइफ चारुलता रमेश के साथ एक पुरानी और एक नई फोटो पोस्ट की. इस पोस्ट के नीच संजू सैमसन ने लिखा, ‘जिस दिन से मैं तुमसे मिला, उस दिन से लेकर आज तक… मेरे साथ हमेशा खड़े रहने, मुझे मेरे असली रूप में प्यार करने और मेरे प्रति सच्ची और ईमानदार रहने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया. भले ही मैं बाहरी दुनिया के लिए चाहे जैसा भी रहा. आपने मेरा अच्छा और बुरा, सब कुछ देखा है और फिर भी मेरे साथ मजबूती से खड़ी रहीं.’ संजू सैमसन ने आगे लिखा, ‘क्रिकेट मेरे जीवन में कितना महत्वपूर्ण है, यह समझने और इसे अपने लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण बनाने के लिए धन्यवाद. तुमने भी इस पल के लिए उतनी ही शिद्दत और लगन से दुआ की है, जितनी शिद्दत से मैंने की थी. बहुत-बहुत धन्यवाद मेरी प्यारी पोंडट्टी!’
संजू सैमसन का केरल में ग्रैंड वेलकम
टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) जीतने के बाद संजू सैमसन केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित अपने घर लौटे. इस दौरान एयरपोर्ट पर संजू सैमसन का जोरदार स्वागत किया गया. केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने भी उनका अभिनंदन किया. इस दौरान संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर बात करते हुए कहा कि वह पहले गेंद से आक्रामक खेलने की कोशिश करते थे और अक्सर आउट हो जाते थे. फिर बाद में उन्होंने बदलाव किया, जो उनके लिए कारगर साबित हुआ.
टी20 वर्ल्ड कप में संजू का प्रदर्शन
संजू सैमसन को टूर्नामेंट की शुरुआत में जगह नहीं मिल रही है. वर्ल्ड कप के बीच में उन्हें मौका गया, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया. संजू सैमसन ने इस वर्ल्ड कप में भारत के लिए 5 मैच खेले, जिनमें 80 से ज्यादा की औसत से 321 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट भी करीब 200 का रहा. संजू सैमसन ने वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में नाबाद 97, सेमीफाइनल और फाइनल में 89-89 रनों की पारी खेली.