IND vs ZIM: भारतीय टीम 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 में अपना दूसरा मैच खेलने वाली है. यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल के लिहाज से काफी अहम है. इस मुकाबले से पहले भारत के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) घर में हेल्थ इमरजेंसी के चलते वापस लौट गए हैं. हालांकि वह जिम्बाब्वे मैच से पहले भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे या नहीं, इस पर कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे. ऐसे में संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में शामिल करने को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इसके अलावा टीम मैनेजमेंट बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा में से किसी एक को ड्रॉप करने पर विचार कर रही है. इन दोनों बल्लेबाजों ने इस टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) में निराशाजनक प्रदर्शन किया है. अभिषेक शर्मा पिछले 4 मैचों में सिर्फ 15 रन बनाए पाए हैं. वहीं, तिलक वर्मा भी मिडिल ऑर्डर में बहुत ही कम स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं. ऐसें में आइए जानते हैं कि कौन से खिलाड़ी को अगले मैच में बाहर किया जाएगा.
संजू सैमसन की होगी वापसी?
अगर रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मैच से पहले वापसी नहीं करते हैं, तो प्लेइंग-11 में 1 जगह खाली हो जाएगी. ऐसे में टीम मैनेजमेंट बेंच पर बैठे संजू सैमसन (Sanju Samson) को प्लेइंग-11 में शामिल कर सकती है. जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले संजू सैमसन नेट्स में खूब प्रैक्टिस भी कर रहे हैं. संजू ने मंगलवार को भारतीय टीम के साथ नेट्स में जमकर बल्लेबाजी की. हालांकि संजू सैमसन ओपनर के तौर पर खेलते हैं, जबकि रिंकू सिंह टीम में फिनिशर की भूमिका निभाते थे. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन को किस नंबर पर खिलाती है. वैसे टीम मैनेजमेंट संजू से ओपन कराकर ईशान किशन को तीसरे नंबर पर भेज सकती है, जिससे लेफ्ट-राइट का कॉम्बिनेशन भी बन जाएगा. ऐसे में तिलक वर्मा को टीम से बाहर करना होगा.
अभिषेक-तिलक में से कौन होगा बाहर?
साउथ अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और तिलक वर्मा की खूब आलोचना की जा रही है. अभिषेक शर्मा मौजूदा विश्व कप में पहले तीन मैचों में हर बार बिना खाता खोले आउट हुए. इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में उनका खाता खुला, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए. कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अभिषेक शर्मा को ड्रॉप कर देना चाहिए. भारत-साउथ अफ्रीका मैच के दौरान पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग ने लाइव कमेंट्री के दौरान कहा था कि अगर कोई बल्लेबाज फॉर्म में आ पा रहा है या उसके रन नहीं आ रहे हैं, तो उसे एक मैच में आराम दे देना चाहिए. वीरेंद्र सहवाग ने आगे कहा कि टेस्ट और वनडे में ऐसा किया जाता है, तो फिर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा क्यों नहीं किया जाता है. हालांकि अन्य कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि टीम इंडिया अभिषेक शर्मा को ड्रॉप नहीं करना चाहेगी, क्योंकि वे एक मैच विनर खिलाड़ी हैं.
वहीं, तिलक वर्मा (Tilak Varma) की बात करें, तो उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट में सभी मैच खेले हैं, लेकिन उनके बल्ले से एक भी बड़ी पारी नहीं आई. इसके अलावा उनका स्ट्राइक रेट भी 100 के आसपास का ही रहा है. ऐसे में तिलक वर्मा को ड्रॉप करने को लेकर खूब चर्चा हो रही है. अगर तिलक वर्मा ड्रॉप होते हैं, तो प्लेइंग-11 में एक और जगह खाली हो जाएगी, जिससे अक्षर पटेल और वाशिंग्टन सुंदर एक साथ टीम में खेल सकते हैं.
26 फरवरी को भारत-जिम्बाब्वे का मैच
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मैच खेला जाएगा. यह भारत के लिए सेमीफाइनल के लिहाज से काफी अहम मुकाबला होगा. भारतीय टीम चाहेगी कि वो बड़े मार्जिन से इस मुकाबले में जीत हासिल करे, जिससे नेट रन रेट में सुधार हो सके. साउथ अफ्रीका से 76 रनों की करारी हार के बाद भारत का NRR काफी ज्यादा खराब हो गया है. यह मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है.
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव/वाशिंग्टन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.