Sarfaraz Ahmed Retirement: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने रविवार (15 मार्च) को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान कर दिया है. कराची में जन्मे विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद ने करीब 2 दशक तक पाकिस्तान क्रिकेट के लिए खेला. अब उन्होंने अपने शानदार करियर का अंत करने का फैसला लिया है. सरफराज अहमद पाकिस्तान के उन दिग्गज कप्तानों की लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी टीम को ICC ट्रॉफी दिलाई है. सरफराज अहमद ने अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को 2 आईसीसी ट्रॉफी जिताई. सरफराज अहमद की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम ने साल 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब उठाया था. पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत को बुरी तरह हराकर ट्रॉफी उठाई थी. इसके अलावा सरफराज अहमद ने साल 2006 में पाकिस्तान को आईसीसी अंडर-19 का खिताब भी दिलाया था. इस टूर्नामेंट में भी सरफराज अहमद की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में भारतीय टीम को हराया था. जानें कैसा रहा सरफराज अहमद का करियर…
सरफराज अहमद का इंटरनेशनल करियर
सरफराज अहमद ने पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है. साथ ही उन्होंने सभी फॉर्मेट में पाकिस्तानी टीम की कमान संभाली है. उनके करियर की बात करें, तो सरफराज अहमद ने पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनके बल्ले से 3,031 रन आए हैं. इसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा वनडे क्रिकेट में सरफराज अहमद ने 117 मैच खेले हैं, जिनमें 2,315 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 11 अर्धशतक भी लगाए. वहीं, टी20 इंटरनेशनल की बात करें, तो सरफराज अहमद ने 61 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 818 रन बनाए हैं. सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार विकेटकीपिंग भी की है. स्टंप्स के बीच उन्होंने 315 कैच लपके हैं, जबकि 56 खिलाड़ियों को स्टंप आउट भी किया है.
कब खेला था आखिरी मुकाबला?
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने आखिरी बार दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार इंटरनेशनल मुकाबला खेला था. रिटायरमेंट का एलान करते हुए सरफराज अहमद ने कहा कि पाकिस्तान की कप्तानी करना उनके लिए एक सपना था. सरफराज अहमद ने बताया कि ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने उनके लिए सबसे यादगार पलों में से एक हैं. बता दें कि सरफराज अहमद ने पाकिस्तान के लिए तीनो फॉर्मेटों को मिलाकर 100 से ज्यादा मैचों में कप्तानी की है.