40
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है, लेकिन युवा ओपनर और टी20 के नंबर 1 बैटर अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी ने जरूर चिंता बढ़ाई है. जिस खिलाड़ी से तेज और धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद थी, वही इस बार लय हासिल करने के लिए संघर्ष करता दिख रहा है. शुरुआती मैचों में वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए और जल्दी विकेट गंवाते नजर आए.
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने उनकी मौजूदा स्थिति पर साफ और सधी हुई प्रतिक्रिया दी है. उनका मानना है कि अभिषेक जरूरत से ज्यादा जल्दबाजी दिखा रहे हैं. गेंदबाज उनकी सोच को पढ़ पा रहे हैं, क्योंकि वह शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं. ऐसे में उनका खेल थोड़ा अनुमानित हो गया है, जिसका फायदा विरोधी टीम उठा रही है.
शुरुआत में ही बड़े शॉट न लगाए
सुनील गावस्कर ने कहा, “मुझे लगता है कि उनके पास जितनी शॉट्स की विविधता है, उसे देखते हुए उन्हें क्रीज पर खुद को थोड़ा और समय देना चाहिए. पारी की शुरुआत ही चौके या छक्के से करने की सोच लेकर नहीं आना चाहिए. अगर ऐसा शॉट स्वाभाविक रूप से मिल जाता है तो ठीक है, लेकिन सिर्फ बड़ा शॉट खेलना सही नहीं है. भले ही शुरुआत में चार डॉट गेंदें हो जाएं, इससे फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि अगली चार से आठ गेंदों में वह उसकी भरपाई कर सकते हैं.”
अभिषेक को पहले पिच का अंदाजा लगाना होगा
गावस्कर ने आगे कहा, “उन्हें समझदारी से क्रिकेट खेलना होगा. लय लानी होगी और सबसे पहले खाता खोलना जरूरी है. जब आप भारत के लिए खेल रहे हों, तो रन की शुरुआत करना अहम होता है. इसके बाद चीजें अपने आप पटरी पर आ जाती हैं. जिस तरह से वह आउट हो रहे हैं, वह काफी हद तक रेगुलर हो गया है. उनकी मानसिकता शायद ऐसी है कि ‘मुझे 200 की स्ट्राइक रेट से खेलने वाले बल्लेबाज के रूप में देखा जाता है, इसलिए मुझे उसी तरह प्रदर्शन करना है.’ लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. स्वाभाविक खेल ही बेहतर होता है. जब आप एक-दो सिंगल लेते हैं तो पिच का अंदाजा लग जाता है. एक बार वह सेट हो जाएंगे, तो निश्चित तौर पर बड़ी पारी खेलेंगे.”