India vs Pakistan: पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले के लिए भारतीय टीम लगातार तैयारियों में जुटी हुई है. शनिवार (14 फरवरी) को टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने कोलंबो में जमकर प्रैक्टिस की. इस दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव नए रोल में नजर आए. सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने नेट्स में पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के स्टाइल में गेंदबाजी की. उस्मान तारिक भारत के खिलाफ इस बड़े मुकाबले में पाकिस्तान के लिए ‘एक्स फैक्टर’ माने जा रहे हैं. तारिक का गेंदबाजी एक्शन काफी अजीबोगरीब है, जिसके चलते वह बल्लेबाजों को काफी परेशान करते हैं. उस्मान तारिक 15 फरवरी को पहली बार भारत के खिलाफ मैच खेलेंगे. ऐसे में भारतीय टीम के बल्लेबाजों को प्रैक्टिस करवाने के लिए कप्तान ने उस्मान तारिक के स्टाइल में गेंदबाजी की. उन्होंने टीम के स्टार खिलाड़ियों को नेट्स में खूब गेंदें डालीं. इस दौरान उन्होंने उस्मान तारिक के एक्शन की हूबहू कॉपी करते हुए रुक-रुक बॉल फेंकी.
सूर्यकुमार यादव ने नेट्स में की गेंदबाजी
दरअसल, पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक अपने ‘पॉज-एंड-रिलीज’ (रुक कर गेंद फेंकने) एक्शन को लेकर खूब सुर्खियों में हैं. भारतीय बल्लेबाजों ने अभी तक किसी भी मैच में उस्मान तारिक का सामना नहीं किया है. ऐसे में माना जा रहा है कि भारतीय बल्लेबाजों की उस्मान की अजीबोगरीब एक्शन की गेंदबाजी के सामने थोड़ी परेशानी हो सकती है. इस परेशानी से निपटने के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद एक्शन मोड में आए और उस्मान तारिक के अंदाज में गेंदबाजी की. सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा से लेकर ईशान किशन, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाजों को इसी अंदाज में प्रैक्टिस कराई.
अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए तैयार
भारत के बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) नामीबिया के खिलाफ पिछले मुकाबले में नहीं खेल पाए थे. पेट में इंफेक्शन होने की वजह से अभिषेक शर्मा की तबीयत खराब हो गई थी. हालांकि अब वे पूरी तरह से फिट हो चुके हैं. वह पाकिस्तान के खिलाफ रविवार का मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. शनिवार को अभिषेक शर्मा ने नेट्स में खूब बल्लेबाजी की है. खासकर उन्होंने सूर्यकुमार यादव की उस्मान तारिक के एक्शन वाली गेंदबाजी का सामना किया. इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे क्वालिटी स्पिनर्स के खिलाफ भी खूब अभ्यास किया.
कोलंबो में खेला जाएगा मैच
भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. इस मैदान पर लो-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच पर स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलने की संभावना है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम के बल्लेबाज पाकिस्तान के स्पिनर्स के खिलाफ कैसे खेलते हैं.