126
नई दिल्ली. भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली. करो या मरो जैसे इस मुकाबले में टीम इंडिया ने दबाव में शानदार खेल दिखाया. जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि यह मुकाबला किसी क्वार्टरफाइनल से कम नहीं था. इस दौरान उन्होंने टीम के लिए 97 रन ठोकने वाले संजू सैमसन के लिए भी कुछ कहा. आइए उन्होंने संजू सैमसन को लेकर हिचकिचाते हुए क्या कहा.
सूर्यकुमार यादव ने मैच जीत के बाद कहा,” यह सच में बहुत अच्छा एहसास है. यह मुकाबला किसी क्वार्टरफाइनल जैसा था. जिस तरह लड़कों ने दबाव में खेल दिखाया, वह शानदार रहा.” संजू सैमसन पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं हमेशा कहता हूं कि जो लोग धैर्य रखते हैं और मेहनत करते रहते हैं, उन्हें सही समय पर उसका फल जरूर मिलता है. जब वह टीम में नहीं खेल रहे थे, तब भी लगातार मेहनत कर रहे थे और आज उन्हें उसका इनाम मिला.
200 का लक्ष्य आसान नहीं होता
सूर्या ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि हमारे सभी गेंदबाजों ने योजना के मुताबिक गेंदबाजी की. हमें पता था कि 200 रन का लक्ष्य आसान नहीं होता, लेकिन ओस की वजह से गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी. हमारी कोशिश थी कि मैच को आखिरी ओवर तक ले जाएं और फिर मौका देखकर जीत हासिल करें. यहां तक पहुंचकर हम बहुत खुश हैं. पहले मैच से ही हमने अच्छा क्रिकेट खेला है और मुझे लगता है कि हम मुंबई पहुंचने के हकदार हैं.”
आगे के बारे में मुंबई जाकर सोचेंगे
सूर्या आगे बोले, “अभी हम ज्यादा आगे के बारे में नहीं सोच रहे हैं. पहले मुंबई जाएंगे, फिर हालात देखकर अगली योजना बनाएंगे. दबाव हर बड़े मैच में होता है. थोड़ा नर्वस होना स्वाभाविक है, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि आप उस दबाव को कैसे संभालते हैं.” बता दें कि भारत को सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड से भिड़ना है यह मैच 5 मार्च को खेला जाएगा.