T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे दिन भी कुल 3 मुकाबले खेले जाएंगे. टूर्नामेंट के शुरुआत 5 दिनों में अभी तक कुल 15 मैच खेले जा चुके हैं, जिस दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. अब वर्ल्ड कप के छठे दिन की शुरुआत होने वाली है. दिन का पहला मुकाबला श्रीलंका और ओमान के बीच खेला जाएगा. इसके बाद दोपहर में नेपाल और इटली के बीच मैच होगा. फिर दिन के आखिरी में भारतीय टीम नामीबिया के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलने उतरेगी. भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के पहले दिन यूएसए के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था. अब भारत के सामने नामीबिया की चुनौती है. छठे दिन (12 फरवरी) सुबह से शाम तक कुल 3 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे. ऐसे में आइए जानते हैं कौन सा मैच कब और कहां खेला जाएगा. साथ ये फैंस ये मुकाबले कहां देख सकते हैं.
श्रीलंका बनाम ओमान
ICC टी20 वर्ल्ड कप के छठे दिन का पहला मैच श्रीलंका और ओमान के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा, जिसकी शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी. श्रीलंका ने अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड को शिकस्त दी थी. वहीं, ओमान को जिम्बाब्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में श्रीलंका और ओमान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है. ये दोनों टीमें ग्रुप बी में हैं.
नेपाल और इटली की होगी टक्कर
दिन का दूसरा मुकाबला नेपाल और इटली के बीच खेला जाएगा. यह मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. नेपाल और इटली की टीमें ग्रुप-सी में हैं. इन दोनों टीमों ने अभी तक एक-एक मैच खेला है, लेकिन दोनों को हार मिली है. ऐसे में दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत के लिए जोर लगाएंगी. ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है.
भारत के सामना नामीबिया की चुनौती
छठे दिन का तीसरा और आखिरी मुकाबला भारत और नामीबिया के बीच होगा. भारतीय टीम नामीबिया के खिलाफ इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा मैच खेलने मैदान पर उतरेगी. यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा, जो शाम 7 बजे से शुरू होगा. इससे आधे घंटे पहले यानी 6:30 बजे टॉस होगा. भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में यूएसए को हराया था, जबकि नामीबिया को नीदरलैंड से शिकस्त मिली थी. भारतीय टीम इस मैच में जीत हासिल करते ही अपने ग्रुप में पहले नंबर पर पहुंच जाएगी. साथ ही सुपर-8 में एंट्री लगभग तय हो जाएगी.
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
क्रिकेट फैंस ये सभी मुकाबले टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के सभी चैनलों पर लाइव देख सकेंगे. इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar के एप और वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी.
चौथे दिन का शेड्यूल
- श्रीलंका बनाम ओमान- सुबह 11 बजे से (पल्लेकेले)
- नेपाल बनाम इटली- दोपहर 3 बजे से (मुंबई)
- भारत बनाम नामीबिया- शाम 7 बजे से (दिल्ली)