11
नई दिल्ली. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World cup 2026) के सुपर 8 में भारत और साउथ अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच होने वाले मुकाबले से पहले शुकरी कोनराड ने बड़ा बयान देकर मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है. दक्षिण अफ्रीका के कोच ने साफ कहा है कि उनकी टीम भारत की कमजोरियों का फायदा उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है. यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
कोनराड ने माना कि भारतीय टीम बेहद मजबूत टीम है और अपने घरेलू माहौल में खेलना उसके लिए बड़ा प्लस पॉइंट होगा. लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जब उम्मीदें बहुत ज्यादा होती हैं तो दबाव भी उतना ही बढ़ जाता है. भारत पर करोड़ों फैंस की नजरें होंगी और ऐसे में छोटी सी गलती भी मैच का रुख बदल सकती है. कोनराड ने कहा, “हम चाहते है कि भारत ज्यादा से ज्यादा समय मैदान में फील्डिंग करे. हम चाहते हैं कि वे पूरी तरह थक जाएं. आसान शब्दों में कहें तो हम उन्हें मैच से पूरी तरह बाहर कर देना चाहते है और फिर उनसे कहना चाहते है कि अब आखिरी दिन और आज शाम का एक घंटा क्रीज पर टिककर दिखाओ.”
टॉप ऑर्डर में टीम इंडिया को करना होगा सुधार
बता दें कि भारत ने अब तक टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया है और सुपर 8 में शानदार लय के साथ पहुंचा है. टीम की बल्लेबाजी मजबूत है और गेंदबाजी में भी विविधता है. हालांकि कुछ मौकों पर टॉप ऑर्डर दबाव में लड़खड़ाता नजर आया है, जिसे विरोधी टीम निशाना बना सकती है.
सेमीफाइनल के लिए जरूरी है मैच
दूसरी ओर साउथ अफ्रीका भी आत्मविश्वास से भरी हुई है. उनकी तेज गेंदबाजी आक्रामक रही है और मिडिल ऑर्डर ने अहम मौकों पर जिम्मेदारी निभाई है. कोनराड को विश्वास है कि उनकी टीम बड़े मैच के दबाव को संभालते हुए भारत को कड़ी टक्कर दे सकती है. अब सबकी नजरें इस अहम मुकाबले पर टिकी हैं. सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों के लिए जीत बेहद जरूरी है, और मुकाबला बेहद कांटे का होने की उम्मीद है.