पाकिस्तान का बॉयकॉट खत्म: 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मैच अब खेला जाएगा. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पहले कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने की घोषणा की थी. यह फैसला पाकिस्तानी सरकार के आदेश पर लिया गया था लेकिन आईसीसी के साथ लंबी बातचीत के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला बदल लिया है.
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी हाल ही में लाहौर पहुंचे जहां उन्होंने पीसीबी अधिकारियों के साथ बातचीत की. यह मीटिंग पीसीबी ने शुरू की थी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भी इस मीटिंग में हिस्सा लिया. उनकी मौजूदगी महत्वपूर्ण थी क्योंकि पूरा विवाद बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने की वजह से शुरू हुआ था. आईसीसी ने पाकिस्तान को मैच न खेलने पर होने वाले संभावित वित्तीय जुर्माने और अन्य नतीजों के बारे में बताया जिसके बाद पीसीबी ने अपना रुख नरम कर लिया.
इस फैसले से क्रिकेट फैंस में खुशी की लहर है क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच को क्रिकेट में सबसे बड़ा और सबसे रोमांचक मुकाबला माना जाता है. यह मैच अब तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. आईसीसी की सक्रिय भूमिका और सभी पक्षों द्वारा दिखाई गई समझदारी से टूर्नामेंट की गरिमा बनी रहेगी.
पाकिस्तान सरकार ने मैच खेलने का फैसला किया
पाकिस्तानी सरकार ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि उनकी टीम भारत के खिलाफ मैच खेलेगी. पोस्ट में कहा गया है कि “पाकिस्तान के माननीय प्रधानमंत्री, श्री शहबाज शरीफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन, श्री मोहसिन नकवी ने PCB, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के प्रतिनिधियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच हुई हाई-लेवल बातचीत के नतीजों के बारे में ऑफिशियली जानकारी दी है. कई देशों की बातचीत और दोस्त देशों की रिक्वेस्ट को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम को 15 फरवरी को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में मैदान पर उतरने का निर्देश देती है.”


बांग्लादेश ने भी पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की
ICC के साथ-साथ तीन अन्य क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान से भारत के खिलाफ मैच खेलने की अपील की, जिनमें श्रीलंका क्रिकेट, अमीरात क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड शामिल हैं. हालांकि, पाकिस्तान ने मैच खेलने के बदले में ICC के सामने कुछ मांगें भी रखी थीं, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC ने उनमें से किसी को भी स्वीकार नहीं किया. हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को कुछ राहत मिली है और उसे कोई नुकसान नहीं होगा.