11
आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 के बीच आयरलैंड को बड़ा झटका लगा है. टीम के कप्तान पॉल स्टर्लिंग टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. उनके दाएं घुटने में लिगामेंट की चोट पाई गई है, जिससे आयरलैंड की उम्मीदों को गहरा आघात लगा है. स्टर्लिंग को यह चोट कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैच पकड़ने की कोशिश में घुटना चोटिल कर लिया.
इसके बावजूद वह बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन दौड़ते समय उन्हें काफी परेशानी हुई और चोट और बढ़ गई. बाद में मेडिकल जांच में लिगामेंट डैमेज की पुष्टि हुई, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा. आयरलैंड के लिए यह बड़ा झटका है, क्योंकि टीम पहले ही ग्रुप चरण में लगातार दो मैच हार चुकी है. स्टर्लिंग न केवल टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज हैं, बल्कि उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता टीम की रीढ़ मानी जाती है.
20 साल का खिलाड़ी लेगा जगह
ऐसे अहम समय में उनका बाहर होना टीम के मनोबल पर भी असर डाल सकता है. टूर्नामेंट की तकनीकी समिति ने 20 वर्षीय युवा बल्लेबाज सैम टॉपिंग को स्टर्लिंग के स्थान पर टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है. यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय मौका हो सकता है. अब आयरलैंड को आगामी मुकाबले में ओमान के खिलाफ नई रणनीति के साथ उतरना होगा.
आयरलैंड का खराब प्रदर्शन
क्रिकेट आयरलैंड ने बयान जारी कर स्टर्लिंग की चोट पर निराशा जताई, लेकिन साथ ही टीम पर भरोसा भी जताया है कि खिलाड़ी मजबूत वापसी करेंगे. आयरलैंड के प्रदर्शन की बात करें तो अभी तक दो मैचों में उन्हें दोनों में हार मिली है. यानी कि वे पहली जीत की तलाश में हैं. ग्रुप बी में वे फिलहाल टेबल में चौथे स्थान पर है.