भारत बनाम जिम्बाब्वे प्लेइंग-11: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम मुश्किल दौर से गुजर रही है. भारत को सुपर-8 के अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा. यह भारत की टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ी हार है. अब इस राउंड में भारत के पास सिर्फ 2 मैच बचे हैं. इन दोनों मैचों में भारत के लिए करो या मरो की स्थिति होगी. अगर भारत एक भी मैच हार जाता है, तो टीम इंडिया सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. भारतीय टीम अपना अगला मैच 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगी. फिर 1 मार्च को भारतीय टीम अपना आखिरी मुकाबला खेलेगी, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा. अगर भारत को सेमीफाइनल में जाना है, तो उसके लिए अपने अगले दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे. इसके लिए भारत की प्लेइंग-11 में कई बदलाव किए जा सकते हैं, क्योंकि साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद भारतीय टीम की प्लेइंग-11 पर कई सवाल उठे थे. अब बचे हुए सभी मैच भारत के लिए नॉकआउट मैच होंगे. ऐसे में हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) और कप्तान सूर्यकुमार यादव नई रणनीति और प्लेइंग-11 के साथ मैदान पर उतरेंगे. जानें प्लेइंग-11 में क्या बदलाव होंगे…
संजू सैमसन की होगी वापसी?
साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रायन टेन डोएस्केट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिया कि अगले मैच में प्लेइंग-11 में बदलाव किए जाएंगे. इस विश्व कप में अभी तक पूरी तरह से फ्लॉप रहे अभिषेक शर्मा को शायद ही टीम से बाहर किया जाए. बता दें कि अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने अभी तक इस टी20 वर्ल्ड कप में 4 पारियों में सिर्फ 15 रन बनाए हैं. वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे तिलक वर्मा का बल्ला भी अभी तक काफी खामोश रहा है. तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने अभी तक 5 पारियों में 118 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 107 रन बनाए हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट तिलक वर्मा को ड्रॉप करने पर विचार कर सकती है. माना जा रहा है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मैच में संजू सैमसन (Sanju Samson) खेलते दिखाई देंगे. हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि संजू सैमसन किसकी जगह पर खेलेंगे. क्या अभिषेक शर्मा को बाहर किया जाएगा या फिर तिलक वर्मा ड्रॉप होंगे.
अक्षर पटेल की वापसी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच में अक्षर पटेल की जगह वाशिंग्टन सुंदर को खिलाया गया. सुंदर इस मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों तरह से फ्लॉप साबित हुए. ऐसे में अक्षर पटेल अगले मैच में वापसी कर सकते हैं, क्योंकि वे टीम इंडिया के उप-कप्तान भी हैं. इसके अलावा कुलदीप यादव को भी जिम्बाब्वे के खिलाफ प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है. इसकी वजह है कि अगला मुकाबला चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर अक्सर स्पिन गेंदबाजों को खूब मदद मिलती है. पिछले मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती की खूब पिटाई हुई थी. ऐसे में कुलदीप यादव को भी प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है.
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/तिलक वर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकु सिंह/कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह.