IND vs PAK: 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक की खूब चर्चा हो रही है. उनका अजीबोगरीब बॉलिंग एक्शन सोशल मीडिया पर विवाद की मुख्य केंद्र बना हुआ है. दरअसल, उस्मान तारिक गेंदबाजी करते समय थोड़ी देर तक पॉज लेते हैं और फिर गेंद डालते हैं. पाकिस्तानी टीम उस्मान तारिक को भारत के खिलाफ अपना तुरुप का इक्का बता रहा है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स का भी कहना है कि उस्मान तारिक की अजीबोगरीब गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों के लिए परेशानी बन सकता है. खासकर कोलंबो के मैदान पर बल्लेबाजों को ज्यादा दिक्कत आएगी, क्योंकि इस पिच पर स्पिनर्स को बहुत मदद मिलती है. उस्मान तारिक का क्रिकेट करियर अभी छोटा ही रहा है. उन्होंने अभी तक सिर्फ 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान तारिक ने 6 से कम की इकॉनमी से 11 विकेट चटकाए हैं. यह आंकड़े बताते हैं कि उस्मान तारिक की गेंदबाजी किसी भी गेंदबाज के लिए कितनी खतरनाक साबित हो सकती है.
बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए बनेंगे मुसीबत
उस्मान तारिक दाएं हाथ के ऑफ-स्पिनर हैं, जो भारत की बैटिंग ऑर्डर के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं. दरअसल, मौजूदा समय में भारत की बल्लेबाजी ज्यादातर बाएं हाथ के बल्लेबाजों पर डिपेंड करती है. ओपनर से लेकर फिनिशर तक और मिडिल ऑर्डर में भी भारतीय टीम में कई लेफ्टी बैटर हैं. तकनीकी रूप से देखें, तो बाएं हाथ के बल्लेबाज को ऑफ-स्पिन गेंदबाजी के सामने संघर्ष करते हैं. ऑफ-स्पिन की गेंदें बल्लेबाज से दूर घूमती हैं, जिससे बल्ले का किनारा लगने की संभावना बढ़ जाती है.
खासतौर पर ऑफ स्पिन गेंदबाज बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए ज्यादा बड़ी परेशानी तब बन जाते हैं, तब मिडिल और लेग स्टंप पर लगातार गेंदबाजी करता है. ऐसे में अगर बल्लेबाज जरा सा भी देर से खेलता है, तो गेंद का पहला संपर्क पैड से होता है. बल्लेबाज का बल्ला शरीर के पीछे घिसटता है. ऐसे में भारतीय टीम (Team India) को उस्मान तारिक के खिलाफ अच्छी योजना के साथ मैदान पर उतरना होगा.
तारिक का गेंदबाजी एक्शन कैसा है?
उस्मान तारिक का पाकिस्तान का मिस्ट्री स्पिनर बताया जा रहा है. उस्मान की स्पिन गेंदबाजी बहुत ज्यादा रहस्यमयी नहीं, बल्कि इसमें ठहराव है, जो उन्हें दूसरे गेंदबाजों से अलग बनाता है. उस्मान की गेंदबाजी की स्पीड बल्लेबाजों के लिए खतरना है. तारिक गेंदबाजी करते समय रन-अप में जानबूझकर ठहराव लाते हैं, जिससे बल्लेबाजों की रणनीति पर असर पड़ता है. वर्तमान समय में बल्लेबाज जल्दी से गेंद के रिलीज होने और लेंथ को पहचान कर रन बनाने के लिए देखते हैं. वहीं, जब गेंदबाज गेंद को बिना बदले रिलीज करने का समय बदलता है, तो बल्लेबाज की रणनीति पर बुरा असर पड़ता है. ऐसे में बल्लेबाज से गलतियां होने की संभावना ज्यादा बढ़ जाती है.
भारत में कितने बाएं हाथ के बल्लेबाज?
भारतीय टीम में कई लेफ्टी बैटर हैं. अगर भारत की ओर से अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पारी की शुरुआत करते हैं, तो नंबर-3 तक के बल्लेबाज लेफ्टी हो जाएंगे. तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर बाएं हाथ से ही बल्लेबाजी करते हैं. इसके अलावा छठे नंबर पर शिवम दुबे, 7वें पर रिंकू सिंह, 8वें पर अक्षर पटेल भी लेफ्टी बैटर हैं. अगर संजू सैमसन पाकिस्तान के खिलाफ मैच में नहीं खेलते हैं, तो भारत के 8 बल्लेबाजों में से सिर्फ 2 दाएं हाथ के बैटर (सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या) होंगे. ऐसे में भारतीय टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेगी कि किस तरह पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाजी को खेलना है.