अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज़ में शतक बनाया है. उन्होंने फाइनल मैच में सिर्फ 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाया गया अब तक का सबसे तेज़ शतक है. पिछले मैचों में खराब बैटिंग के लिए सूर्यवंशी को ट्रोल किया गया था, लेकिन फाइनल में उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए एक ऐतिहासिक पारी खेली. 14 साल के वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे तेज़ी से शतक बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में कुल मिलाकर दूसरा सबसे तेज़ शतक भी है. वर्ल्ड कप में सबसे तेज़ शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विल मलाजुक के नाम है, लेकिन फाइनल में सबसे तेज़ शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब सूर्यवंशी के नाम हो गया है. वह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक बनाने वाले सिर्फ़ तीसरे भारतीय बल्लेबाज़ हैं. उनसे पहले उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालरा (2018) यह कारनामा कर चुके हैं.
वैभव ने अंग्रेजों को कूट डाला
मैच की बात करें तो आज हरारे के मैदान पर सिर्फ़ एक ही नाम गूंज रहा है और वह है वैभव सूर्यवंशी! अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इस युवा बल्लेबाज़ ने कुछ ऐसा कर दिखाया है जिसे दुनिया सालों तक याद रखेगी. वैभव ने टाइटल मैच में इंग्लिश गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं और सिर्फ़ 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उनकी इस पारी ने न सिर्फ़ भारत को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया है, बल्कि वर्ल्ड कप के इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं.
सिर्फ़ 55 गेंदों में सबसे कम उम्र में शतक
वैभव ने समझदारी और आक्रामकता का शानदार तालमेल दिखाते हुए बिना कोई गैर-ज़रूरी जोखिम लिए 181.82 के स्ट्राइक रेट से 100 रन बनाए. अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान वैभव अब तक 16 बाउंड्री लगा चुके हैं, जिसमें 8 ऊंचे छक्के और 8 शानदार चौके शामिल हैं.
ब्रेविस के छक्कों का टूटा रिकॉर्ड
इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी एक ही अंडर-19 वर्ल्ड कप सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के (20*) लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस (18 छक्के) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्हें ‘बेबी एबी’ के नाम से जाना जाता है.
सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट
- U19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्कों की बात करें तो टॉप पर वैभव सूर्यवंशी हैं (भारत): उन्होंने 2026 टूर्नामेंट में अब तक कुल 20 छक्के लगाए हैं और इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं.
- डेवाल्ड ब्रेविस (साउथ अफ्रीका): उन्होंने 2022 वर्ल्ड कप में कुल 18 छक्के लगाए थे
- फिन एलन (न्यूज़ीलैंड): उन्होंने 2016 और 2018 के बीच कुल 18 छक्के लगाए थे.
- जैक बर्नहैम (इंग्लैंड): उन्होंने 2016 वर्ल्ड कप में कुल 15 छक्के लगाए थे.
- निकोलस पूरन (वेस्ट इंडीज़): उन्होंने 2014 टूर्नामेंट में 14 छक्के लगाए थे.
- माइकल हिल (ऑस्ट्रेलिया): उन्होंने 2008 में कुल 14 छक्के लगाए थे.