Vaibhav Suryavanshi: ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को हराकर छठी बार विश्व कप का खिताब हासिल किया है. भारत ने इंग्लैंड को फाइनल मुकाबले में 100 रन से हराया. 14 साल के बाएं हाथ के वैभव सूर्यवंशी इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे. वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए. इस पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उन्होंने 175 में से कुल 150 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए. वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने मैच को एकतरफा बना दिया. इसके दम पर भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. इसके जवाब में उतरी इंग्लैंड की टीम 311 रन पर ढेर हो गई. इससे भारतीय टीम ने 100 रन से मैच जीत लिया. दिलचस्प बात रही कि वैभव सूर्यवंशी ने इस विश्व कप में फाइनल से पहले 1 भी शतक नहीं लगाया था, लेकिन खिताबी जंग में उन्होंने खुद को साबित किया. वैभव सूर्यवंशी फाइनल में अपनी शानदार बल्लेबाजी से काफी खुश नजर आए. मैच खत्म होने के बाद वैभव ने बताया कि कैसे वीवीएस लक्ष्मण की एक सलाह उनके लिए टर्निंग प्वाइंट बनी.
वीवीएस लक्ष्मण ने दी थी ये सलाह
फाइनल का मैच खत्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी को लेकर बातचीत की. वैभव ने बताया कि बैटिंग के दौरान उनके दिमाग में क्या चल रहा था. इसका एक वीडियो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है. इसमें वैभव सूर्यवंशी कहते हैं, ‘मैंने लक्ष्मण सर से कल बात की थी. लक्ष्मण सर ने मुझे बोला था कि 100 के पीछे मत भाग, तू अपना प्रोसेस फॉलो कर, तू अपने स्ट्रेंथ को बैक कर. खुद पे खुद 100 आएगा.’ वीवीएस लक्ष्मण की इसी सलाह को वैभव सूर्यवंशी ने फॉलो किया. उन्होंने फाइनल के मैच में अपने नॉर्मल गेम को खेला, जिस तरह वह हमेशा बल्लेबाजी करते हैं.
वैभव सूर्यवंशी ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उनकी 175 रनों की पारी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रहा. इसके अलावा उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी पारी के दौरान सिर्फ 55 गेंदों पर शतक पूरा किया. इसके अलावा उन्होंने यूथ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. साथ ही अंडर-19 वर्ल्ड कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के (30) लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो गया.
भारत छठी बार बना अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. इससे पहले टीम इंडिया ने 5 बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था. भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम है, जिसने कुल 6 बार वर्ल्ड कप का खिताब हासिल किया है.