T20 World Cup: जी हां, हम बात कर रहे हैं भारतीय गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती की, जिन्होंने नामीबिया के खिलाफ टी20 विश्व कप में दो ओवरों में तीन विकेट लेकर नामीबिया के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी. वरुण चक्रवर्ती ने अपनी शानदार गेंदबाजी से संकेत दे दिया है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ तुरुप का साबित होंगे.
नामीबिया के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती ने दिखाया स्पिन का जादू
तमिलनाडु के लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी ने भारतीय टीम में एक खास जगह बना ली है. बीते दिन गुरुवार यानी कि 12 फरवरी, 2026 को अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के बल्लेबाजों पर वरुण भारी पड़ गए. उन्होंने अपनी स्पिन की जादूगरी से दो ओवरों में ही उन्होंने तीन विकेट लेकर टी20 विश्व कप के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत को जीत दिला दी. इस जीत से भारत अब अपने ग्रुप में टॉप पर आ गया है.
मैच के बाद क्या बोले वरुण चक्रवर्ती?
नामीबिया के खिलाफ जीत के बाद वरुण चक्रवर्ती ने कहा, ‘यही मेरी हमेशा से रणनीति रही है. मेरे पास हमेशा कोई न कोई नई गेंद तैयार रहती है. अगर मुझमें हिम्मत हुई तो मैं अगले मैच में उसे आजमाऊंगा. लेकिन यह परिस्थितियों पर निर्भर करता है.’ यह बात संकेत दे रही है कि वरुण चक्रवर्ती आगामी 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में तबाही मचा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: इटली ने रचा इतिहास, अपने शानदार खेल से टी20 विश्व कप में मचाया धमाल; क्रिकेट के भगवान भी हुए इस टीम के दीवाने
कोच ने की थी तारीफ
भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने भारतीय लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की अचूक सटीकता, गति और सूक्ष्म विविधताएं की तारीफ की थी. और बताया था कि उनकी यही कला उन्हें बल्लेबाजों के लिए एक बेहद चुनौतीपूर्ण गेंदबाज बनाती हैं. पारस म्हाम्ब्रे ने IANS से बात करते हुए कहा था, ‘बात उनकी गेंदों की दिशा और लंबाई की है. वह हर समय स्टंप्स को चुनौती देते रहते हैं, है ना? इसलिए एक बल्लेबाज के लिए गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है. अगर आप चूक जाते हैं, अगर आप फिर भी अपने शॉट खेलने जाते हैं और चूक जाते हैं, तो संभावना है कि आप मुश्किल में पड़ जाएंगे. लेग-बिफोर आउट हो जाएंगे या बोल्ड हो जाएंगे और यही यहां हो रहा है.’
इसके अलावा मैच से पहले, सहायक कोच रयान टेन डोएस्केट ने मीडिया का ध्यान इस बात की ओर आकर्षित किया कि वरुण अपनी गेंदबाजी को और भी बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं.
नामीबिया के खिलाफ भारत
भारत की जीत ईशान किशन और हार्दिक पांड्या के विस्फोटक अर्धशतकों की बदौलत हुई , जिन्होंने नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस के चार विकेटों के बावजूद टीम को 209/9 के स्कोर तक पहुंचाया. नामीबिया ने पावरप्ले में 57/1 रन बनाकर शुरुआती बढ़त हासिल करने की कोशिश की, लेकिन स्पिन गेंदबाजों के आने से मैच का रुख पूरी तरह बदल गया. वरुण चक्रवर्ती के दो ओवरों में 3/7 के शानदार प्रदर्शन और अक्षर पटेल (2/20) के सहयोग से भारत की जीत पक्की हो गई. नामीबिया को 116 रन पर ऑलआउट करके भारत ने 93 रनों से मैच जीत लिया.