Daren Sammy: वेस्टइंडीज की टीम के लिए यह हफ्ता किसी इम्तिहान से कम नहीं रहा. रविवार को भारत से हारकर उनका टी20 वर्ल्ड कप का सफर तो खत्म हो गया था, लेकिन वो अब भी भारत(कोलकाता) में ही फंसे हैं. वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि दुनिया के दूसरे हिस्से में चल रहा तनाव है. मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल-अमेरिका गठबंधन के बीच छिड़ी जंग की वजह से पूरी दुनिया का एयरस्पेस (हवाई मार्ग) प्रभावित हुआ है, और इसी चक्कर में कैरेबियाई खिलाड़ी घर नहीं लौट पा रहे.
डैरेन सैमी का छलका दर्द
वेस्टइंडीज के हेड कोच और दो बार के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान डैरेन सैमी ने गुरुवार को ‘X’ (ट्विटर) पर अपनी बेचैनी जाहिर की. उनके पोस्ट्स को देखकर साफ लग रहा था कि टीम घर जाने के लिए कितनी बेताब है. उन्होंने शुरुआत की एक भावुक पोस्ट से, ‘बस अब घर जाना चाहता हूँ.’ कुछ घंटों बाद उन्होंने फिर लिखा, ‘कम से कम कोई अपडेट तो दो, कुछ तो बताओ. आज, कल या अगले हफ्ते? 5 दिन हो गए हैं.’
आखिरकार मिली राहत की खबर
लेकिन अब वेस्टइंडीज खेमे के लिए राहत भरी खबर आई है. सैमी ने एक ताज़ा पोस्ट में लिखा, ‘अपडेट मिल गया है. बस हम यही जानना चाहते थे.’ उनके इस पोस्ट से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आखिरकार उनकी रवानगी का रास्ता साफ हो गया है.
क्या चार्टर्ड फ्लाइट का इंतजाम हो गया?
खबरों की मानें तो वेस्टइंडीज टीम को वापस ले जाने के लिए एक चार्टर्ड फ्लाइट का बंदोबस्त किया गया है. हालांकि, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के एक अधिकारी ने बताया कि सारा मामला ICC देख रहा है. उन्होंने कहा, ‘हमें उनकी मूवमेंट की सटीक जानकारी नहीं है, लेकिन फिलहाल वो यहीं हैं और चार्टर्ड फ्लाइट के इंतजार में हैं.’
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने क्या कहा?
इससे पहले, वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी कर प्रशंसकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की थी। बोर्ड ने कहा, ‘खाड़ी क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई और सुरक्षा खतरों की वजह से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं. एयरलाइंस को सुरक्षा कारणों से अपने रूट बदलने पड़ रहे हैं, इसी वजह से हमारी टीम की रवानगी में देरी हुई है. हम इस मुश्किल वक्त में प्रशंसकों और परिवारों के सहयोग की सराहना करते हैं.’
कैसा रहा टूर्नामेंट?
वेस्टइंडीज के लिए यह वर्ल्ड कप मिला-जुला रहा. उन्होंने ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को हराया था, लेकिन सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका और भारत से मिली हार के कारण वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए.