T20 WC Super 8: 26 फरवरी का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए काफी अहम होने वाला है. इस दिन भारतीय टीम का जिम्बाब्वे के खिलाफ करो या मरो का मैच होगा. यह मुकाबला भारत के लिए सेमीफाइनल के लिहाज से काफी अहम होगा. हालांकि इस क्लैश से पहले दो दिग्गज टीमों की भिड़ंत होगी, जिस पर करोड़ों भारतीय फैंस की नजरें टिकी होंगी. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच महामुकाबला होगा. इस मुकाबले पर सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और हेड कोच गौतम गंभीर की भी नजरें होंगी.
भारतीय फैंस चाहेंगे इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम जीत हासिल करे. अगर साउथ अफ्रीका जीत जाती है, तो भारत को सेमीफाइनल में जाने के लिए आसान रास्ता मिल जाएगा. वहीं, अगर वेस्टइंडीज जीतती है, तो भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो जाएगी. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के मैच का क्या रिजल्ट आता है. इस मुकाबले के कुछ ही समय बाद भारतीय टीम का जिम्बाब्वे से मैच होगा. ऐसे में आइए जानते हैं कि इन दोनों मैचों की टाइमिंग, वेन्यू से लेकर सारी डिटेल्स…
साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच गुरुवार (26 फरवरी) को सुपर-8 का बड़ा मुकाबला खेला जाएगा. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा, जो दोपहर 3 बजे से शुरू हो जाएगा. इससे आधे घंटे पहले यानी 2:30 बजे टॉस होगा. दोनों ही टीमें ग्रुप-1 में टॉप पर हैं. साउथ अफ्रीका ने अपने पहले मुकाबले में भारत को 76 रनों से हराया था. वहीं, वेस्टइंडीज ने अपने पहले सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे को 107 रनों से करारी हार दी थी. फिलहाल वेस्टइंडीज की टीम 2 प्वाइंट और +5.350 नेट रन रेट के साथ पहले नंबर पर है, जबकि साउथ अफ्रीका 2 प्वाइंट और +3.800 NRR के साथ दूसरे स्थान पर है. ऐसे में यह मुकाबला जीतने वाली टीम सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लेगी.
भारत-जिम्बाब्वे की भिड़ंत
गुरुवार को शाम में भारत बनाम जिम्बाब्वे का मैच खेला जाएगा. यह मैच भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला होगा. यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी, जिससे आधे घंटे पहले टॉस होगा. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस मुकाबले में अपनी पूरी ताकत के साथ उतरेगी. भारतीय टीम चाहेगी कि वो जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराए, जिससे नेट रन रेट में सुधार हो सके. फिलहाल भारतीय टीम का नेट रन रेट काफी ज्यादा खराब है.
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
इन दोनों मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा. इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar की एप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.