BCCI Lifetime Achievement Award: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नमन अवॉर्ड 2026 के लिए सभी विजेताओं की लिस्ट जारी कर दी है. भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और हेड कोच राहुल द्रविड़, पूर्व क्रिकेटर और बीसीसीआई प्रेसिडेंट रोजर बिन्नी को कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा. यह बीसीसीआई की ओर से दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है. अभी तक कुल 31 खिलाड़ियों को यह सम्मान दिया जा चुका है. अब राहुल द्रविड़ और रोजर बिन्नी का नाम भी इस लिस्ट में शामिल हो जाएगा. पहली बार साल 1994 में कर्नल सी.के नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से लाला अमरनाथ को सम्मानित किया गया था. वहीं, आखिरी बार यह सम्मान हासिल करने वाले खिलाड़ी भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं. साल 2024 में सचिन तेंदुलकर को यह खास सम्मान दिया गया था. जानें क्या है इस अवॉर्ड का मतलब…
किसे दिया जाता है यह सम्मान?
कर्नल सी. के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड BCCI द्वारा दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है. यह खास सम्मान सिर्फ उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में अपना अमूल्य योगदान दिया है. इस पुरस्कार में एक ट्रॉफी दी जाती है, जो शील्ड की तरह दिखाई देता है. इसके साथ ही 25 लाख रुपये का कैश प्राइज भी दिया जाता है. बता दें कि इस अवॉर्ड का नाम भारत के पहले टेस्ट कप्तान कर्नल सी.के. नायडू के नाम पर रखा गया है. उन्होंने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की कमान संभाली थी.
किसे मिल चुका ये खास अवॉर्ड?
- लाला अमरनाथ-1994
- सैयद मुश्ताक अली- 1995
- विजय हजारे- 1996
- के.एन.प्रभु- 1997
- पोली उमरीगर- 1998
- हेमू अधिकारी- 1999
- सुभाष गुप्ते- 2000
- मंसूर अली खान पटौदी- 2001
- बी. बी. निंबालकर- 2002
- चंदू बोर्डे- 2003
- बिशन सिंह बेद- 2004
- श्रीनिवास वेंकटराघवन- 2004
- ई. ए. एस. प्रसन्ना- 2004
- बी. एस. चन्द्रशेखर- 2004
- नारी ठेकेदार- 2007
- गुंडप्पा विश्वनाथ- 2008
- मोहिंदर अमरनाथ- 2009
- सलीम दुरानी- 2010
- अजीत वाडेकर- 2011
- सुनील गावस्कर- 2012
- कपिल देव- 2013
- दिलीप वेंगसरकर- 2014
- सैयद किरमानी- 2015
- राजिंदर गोयल- 2016
- पद्माकर शिवलकर- 2016
- पंकज रॉय- 2017
- अंशुमन गायकवाड़- 2018
- कृष्णमाचारी श्रीकांत- 2019
- फारुख इंजीनियर- 2023
- रवि शास्त्री- 2023
- सचिन तेंदुलकर- 2024
15 मार्च को दिया जाएगा अवॉर्ड
बीसीसीआई द्वारा 15 मार्च 2026 को दिल्ली में नमन अवॉर्ड का आयोजन किया जाएगा. इस समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ियों को अलग-अलग अवॉर्ड दिए जाएंगे. इसके अलावा पिछले 1 साल में भारत के लिए ICC ट्रॉफी जीतने वाली सभी 5 टीमों का सम्मान भी किया जाएगा.