T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. इंग्लैंड ने सबसे पहले सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. इंग्लैंड की इस बड़ी कामयाबी के पीछे स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स का बड़ा हाथ रहा है. विल जैक्स ने मौजूदा विश्व कप में गेंद और बल्ले से बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है. 27 फरवरी को भी इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को हरा दिया. इस जीत में भी विल जैक्स ने अहम योगदान दिया. विल जैक्स ने पहले गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 23 रन खर्च करके 2 विकेट चटकाए. फिर बल्लेबाजी करते हुए आखिरी ओवर्स में 18 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई. इसके दम पर इंग्लैंड ने 3 गेंद बाकी रहते ही 160 रनों का टारगेट चेज कर लिया. विल जैक्स के शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. इसी के साथ विल जैक्स ने 14 साल पुराना इतिहास दोहराया है.
विल जैक्स ने किया ये बड़ा कारनामा
दरअसल, इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 4 मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत चुके हैं. इसी के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में 4 POTM जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले साल 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने यह कारनामा किया था. शेन वॉटसन ने इस टूर्नामेंट में 4 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया था. अब विल जैक्स ने शेन वॉटसन की बराबरी कर ली है. अभी इंग्लैंड सेमीफाइनल का मैच खेलेगी, जिसके बाद शायद फाइनल में भी जा सकती है. ऐसे में विल जैक्स के पास अभी 1 या 2 मैच होंगे. ऐसे में विल जैक्स पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर का रिकॉर्ड तोड़ नया इतिहास रच सकते हैं.
इंग्लैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा POTM अवॉर्ड
- 4- विल जैक्स
- 3- जोस बटलर
- 3- केविन पीटरसन
- 3- आदिल राशिद
- 3- ल्यूक राइट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विल जैक्स का प्रदर्शन
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. विल जैक्स ने इस टूर्नामेंट में 7 पारियों में 63.66 की औसत और 176.85 के स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए हैं. इसके अलावा गेंद से विल जैक्स ने 6 पारियों में 9.68 की इकॉनमी से 7 विकेट चटकाए हैं. विल जैक्स ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है.