नई दिल्ली. वूमेंस प्रीमियर लीग 2026 का 8वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के बीच खेला गया. इस मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. मुंबई की टीम इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी थी, उन्होंने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बनाए. चेज करते हुए यूपी की टीम ने 18.1 ओवर में ही जीत हासिल कर ली. यूपी की टूर्नामेंट में यह पहली जीत है. इससे पहले उन्होंने सभी 3 मुकाबले गंवा दिए थे. मुंबई की ओर से आमनजोत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें 7 चौके शामिल थे. सबसे बड़ी स्टार रहीं नेट साइवर-ब्रंट, जिन्होंने बल्लेबाज़ी करते हुए 48 गेंदों पर 65 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल था. उनके अलावा निकोला कैरी ने तेजी से रन बटोरते हुए 20 गेंदों में 32 रन की अहम पारी खेली, जिससे टीम का स्कोर मजबूत स्थिति में पहुंचा. कप्तान हरमनप्रीत कौर 11 गेंदों में 16 रन बना सकी लेकिन टीम को 162 के स्कोर तक पहुंचाने में कामयाब रही. यूपी वॉरियर्स की ओर से गेंदबाज़ी में शिखा पांडे, सोफी एक्लेस्टोन, दीप्ति शर्मा और आशा शोभना ने 1-1 विकेट लिया. मजबूत बल्लेबाज़ी के दम पर मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स के सामने 162 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा. यूपी की ओर से ओपनिंग करने उतरी मेग लैनिंग ने बेहतरीन शुरुआत दिलाते हुए 25 रन ठोके. उनके साथ आई किरण नवगिरे 10 रन ही बना सकी. फोब लिचफील्ड ने तीसरे नंबर पर आते हुए 22 गेंदों में 25 रन ठोके. हरलीन देओल और क्लो टायरन की बेहतरीन बल्लेबाजी हरलीन देओल और क्लो टायरन ने यूपी के लिए इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. फॉर्म में वापसी करते हुए हरलीन ने 39 गेंदों का सामना करते हुए कुल 64 रन की पारी खेली जिसमें 12 चौके शामिल थे. क्लो ने 11 गेदों में 27 रन बनाए और यूपी ने आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया और वूमेंस प्रीमियर लीग में अपना पहला मैच जीता. मुंबई की ओर से नेट स्केवियर ब्रंट ने 2 विकेट लिए.