West Bengal News: पश्चिम बंगाल के गंगासागर में BJP नेता पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है. सुबह करीब 8 बजे कोस्टल पुलिस स्टेशन क्षेत्र में यह हादसा हुआ, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया.
नेता की पहचान त्रिलोकेश ढाली के रूप में की गयी है. इस घटना के बाद गंगासागर में तनाव का माहौल है. कई लोग इसे राजनीतिक साजिश का भी नाम दे रहे हैं, हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना का पूरा विवरण
घटना बुधवार सुबह श्रीधाम बस स्टैंड और गंगासागर बस स्टैंड के बीच हुई. बाइक सवार दो बदमाशों ने BJP नेता त्रिलोकेश ढाली पर अचानक फायरिंग कर दी. गोली चलाने के बाद वे तेजी से बाइक पर भाग निकले. गोली लगने से त्रिलोकेश खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने फौरन उन्हें बचाया और नजदीकी सागर रूरल हॉस्पिटल ले जाया गया. वहां उनकी हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उन्हें डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल रेफर कर दिया.
फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन पुलिस और BJP कार्यकर्ता लगातार अपडेट ले रहे हैं. यह घटना गंगासागर क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गंगासागर कोस्टल पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने घटनास्थल पर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने और उनके फरार रूट का पता लगाने में जुटी है. घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी की गई है. अधिकारी इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि हमलावर कौन थे और कहीं इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश तो नहीं है.
BJP का विरोध प्रदर्शन
इस हमले के विरोध में BJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रुद्रनगर में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. वे नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं. BJP नेताओं ने इसे सुनियोजित हमला करार दिया और राज्य सरकार पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की, जिससे इलाके में भारी जाम लग गया. स्थानीय प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है.