Bhojpur Inter Student Murder: बिहार के भोजपुर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान राजीव पांडेय के पुत्र सुमित पांडेय के रूप में हुई है, जो एक दिन पहले ही गुजरात के सूरत से अपने घर लौटा था. परिजनों का आरोप है कि देर रात किसी ने उसे घर से बुलाया और फिर सड़क किनारे गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. सुबह ग्रामीणों की सूचना पर घटना का खुलासा हुआ.
बनाही गांव का है मामला?
मामला भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनाही गांव की है.इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही गांव निवासी राजीव पांडेय के पुत्र सुमित पांडेय के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि उसके पिता गुजरात के सूरत में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं.
देर रात घर से बुलाकर गोली मारी
परिजनों के अनुसार युवक को देर रात घर से बुलाकर गोली मारी गई है. मृतक के बाबा ने बताया कि सुमित कल ही गुजरात के सूरत से अपने पिता के पास से घर आया था और रात में उनके बगल में ही सोया हुआ था. लेकिन वह कब उठकर बाहर चला गया, इसका उन्हें आभास नहीं हुआ.
इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था सुमित
वहीं मृतक के बड़े भाई ने बताया कि सुमित इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था और दोनों भाई अपनी मां के साथ गांव में ही रहते थे. उन्होंने बताया कि सुमित कल शाम घर आया था. इसके बाद रात में वह कब घर से बाहर निकला, इसकी जानकारी परिवार को नहीं हो सकी. सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि सड़क किनारे उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है.