Munger Viral Video: बिहार में ‘शराब’ बैन है और ‘हथियार’ दिखाना अपराध, लेकिन मुंगेर की इस ‘रिवॉल्वर रानी’ को शायद कानून का खौफ नहीं! सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में एक महिला ने न सिर्फ हाथ में जाम थामा, बल्कि पिस्टल के साथ पोज देकर सीधे पुलिस को चुनौती दे डाली. अब जब वीडियो वायरल हुआ, तो इश्क का खुमार पुलिसिया कार्रवाई के डर में बदल गया है. मुंगेर में पिछले तीन दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला अपने पति को वाइन और गुलाब देकर प्रपोज़ कर रही है. महिला के हाथ में पिस्टल पकड़े हुए एक फोटो भी वायरल हो रही है.
थाना में केस दर्ज कर, जांच शुरू
दरअसल, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कंचन देवी और लाइसेंसी पिस्टल होल्डर विशाल कुमार के खिलाफ़ थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 7 फरवरी के इस वायरल वीडियो में कंचन देवी पहले अपने पति को रोज़ डे पर गुलाब देती है, फिर उसे वाइन का गिलास और एक बोतल देती है. फिर वह एक रील बनाकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर शेयर करती है, जो तुरंत वायरल हो जाता है. तस्वीरों में साफ़ दिख रहा है कि महिला रोज़ डे पर अपने पति को वाइन और गुलाब देकर प्रपोज़ कर रही है, जबकि उसका पति मुस्कुराता हुआ बैठा है और उसकी हरकतों पर रिएक्ट कर रहा है. महिला ब्यूटी पार्लर में पिस्टल के साथ शानदार पोज देती हुई भी दिख रही है.
पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है
महिला की हरकतों के बाद पुलिस हरकत में आई और केस दर्ज करके आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है. इस मामले में मुंगेर के SP सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि कंचन देवी नाम की एक महिला का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पिस्टल और शराब की बोतल पकड़े हुए है. इसके बाद सदर SDPO की लीडरशिप में एक जांच टीम बनाई गई. जांच टीम ने महिला के घर पर भी छापा मारा, जहां पता चला कि वायरल फोटो में दिख रही पिस्टल दीनदयाल चौक के रहने वाले विशाल कुमार की है। जांच के दौरान पता चला कि विशाल कुमार के पास ही वह लाइसेंसी पिस्टल है, जिससे कंचन देवी ने फोटो खींचकर वायरल की थी. इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.