Bihar New CM Latest Update: अगले 24 घंटे के दौरान नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के साथ ही बिहार में एक युग खत्म हो जाएगा. इसके साथ ही बिहार में अब बड़े राजनीतिक उलटफेर का समय भी आ गया है. अब तक के तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार (14 अप्रैल, 2026) को अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक के बाद पद से इस्तीफा दे देंगे. इसके बाद इसके अगले ही दिन यानी बुधवार (15 अप्रैल, 2026) को बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा. अगर कोई दिक्कत आई तो एक-दो दिन का समय लगेगा, लेकिन इस सप्ताह के अंत तक तो नया सीएम मिलना तय है. इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से बिहार में नए मुख्यमंत्री की चुनाव के लिए शिवराज सिंह चौहान के नाम पत्र जारी किया है. इसमें जानकारी दी गई है कि शिवराज सिंह चौहान मंगलवार (14 अप्रैल, 2026) को राजधानी पटना आएंगे. इसी दिन बिहार भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में नेता के नाम की घोषणा होगी. इसमें शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे. बताया जा रहा है कि मंगलवार को ही बिहार में सरकार में शामिल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से जुड़े अन्य दलों (जदयू, लोजपाआर, हम और रालोमो) के विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होगीं. इसके बाद अंत में एनडीए विधानमंडल दल की साझा बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी.
भाजपा विधायकों को पटना लौटने के निर्देश
इस बीच भारतीय जनता पार्टी की ओर से पश्चिम बंगाल में प्रचार कर रहे पार्टी विधायकों को पटना लौटने का निर्देश जारी किया गया है. इसके निर्देश के अनुसार, सोमवार की शाम तक सभी विधायकों को वापस आने को कहा गया है. ये सभी विधायक मंगलवार को होने वाली विधानमंडल दल की बैठक में भाग लेंगे. मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के लगभग 50 विधायक फिलहाल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं.
यहां पर बता दें कि सीएम नीतीश कुमार पद छोड़ने से पहले तमाम नेताओं से मुलाकात भी कर रहे हैं. यह सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी था जो अब तेज हो गया है. इससे पहले रविवार (12 अप्रैल, 2026) को भी दिनभर चला मुलाकातों और बैठकों का सिलसिला चला. इसी कड़ी में सोमवार को भी कई बैठकें होंगी. कई नामों पर चर्चा है, लेकिन अंतिम फैसला अगले 48 घंटों में होने की उम्मीद है.