Jehanabad Rape Case: बिहार के जहानाबाद से एक मासूम छात्र की हत्या का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. कड़ौना थाना के कनौदी स्थित गुरुकुल स्कूल में बीते रविवार की रात 5 साल के छात्र की रेप के बाद ब्लेड से काटकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई. अब छात्र की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा भी कर दिया है. इस जघन्य अपराध को कैंटीन गार्ड मुकेश उर्फ सुदामा ने अंजाम दिया था. घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में धुत था.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार ब्लेड भी बरामद कर लिया है. पकड़ा गया आरोपी पाली थाना क्षेत्र के बेमभई गांव का रहने वाला है, जिसे जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
गार्ड को पहले ही छोड़ चुकी थी उसकी पत्नी
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि गार्ड की पत्नी उसे पहले ही छोड़ चुकी थी. इस वजह से वह काफी काफी तनाव में रहता था. इसी कारण हॉस्टल के बच्चे उसे अक्सर नपुंसक कहकर चिढ़ाते थे, जिससे वह मानसिक कुंठा का शिकार था. साथ ही कुछ समय पहले हॉस्टल संचालक से उसका विवाद हुआ था. आरोपी ने हॉस्टल को बदनाम कर उसे बंद कराने की गहरी साजिश रची थी.
गार्ड ने बहला-फुसलाकर चुपके से अपने कमरे में बुलाया
इस मामले पर एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि रविवार की रात हॉस्टल के बच्चे टीवी देख रहे थे. जैसे ही टीवी बंद हुआ, गार्ड ने मासूम बच्चे को बहला-फुसलाकर चुपके से अपने कमरे में बुला लिया. वहां उसने मासूम के साथ जबरन कुकर्म किया. जब बच्चा चीखने-चिल्लाने लगा, तो पकड़े जाने के डर से गार्ड ने धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी और शव को सीढ़ी पर फेंक दिया.
पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद द्वारा कड़ौना थानांतर्गत घटित घटना का सफल उद्भेदन के संबंध में दी गई वीडियो बाईट।@bihar_police@BiharHomeDept@IgMagadh@IPRDBihar pic.twitter.com/llZctJY1il
— Jehanabad Police (@spjehanabad) April 10, 2026
आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा
फिलहाल एसपी अपराजित लोहान का कहना है कि आरोपी मुकेश कुमार के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके.