Chandi Engineering students Accident: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. गुरुवार की दोपहर चंडी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों के लिए काल बनकर आई. दोस्तों के साथ घूमने निकले पांच छात्रों की कार अनियंत्रित होकर सालेपुर गांव के पास एक गहरे गड्ढे में जा गिरी. इस भीषण हादसे में तीन होनहार छात्रों की जान चली गई, जबकि दो अन्य छात्र जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक चंडी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले पांच छात्र गुरुवार को कार में सवार होकर घूमने के लिए निकले थे. किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में मंजर इतना खौफनाक हो जाएगा. चंडी थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव के पास जैसे ही उनकी कार पहुंची, ड्राइवर ने अचानक संतुलन खो दिया और तेज रफ्तार कार सीधे सड़क किनारे खाई में जा पलटी.
मौके पर ही टूट गई दो की सांसें
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दो छात्रों ने तो घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाकी तीन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुँचते-पहुँचते एक और छात्र की सांसें थम गईं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल लाया गया. फिलहाल दो घायल छात्रों का इलाज चल रहा है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की खबर मिलते ही कॉलेज और छात्रों के परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है.