Patient creates Drama in Khan Sir Hospital: मशहूर यूट्यूबर और शिक्षक खान सर ने पटना में एक हॉस्पिटल खोला है, जहां बहुत ही कम दाम में मरीजों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है. इस पहल का मकसद गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना है. इसी वजह से जांच और इलाज की फीस कम रखी गई है, ताकि हर व्यक्ति आसानी से इलाज करा सके और उसे स्वास्थ्य सेवाएं पाने में कोई दिक्कत न हो. साथ ही खान सर का एक वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने एक घटना का जिक्र किया. खान सर ने कहा कि एक मरीज ने देर रात हॉस्पिटल में हंगामा कर दिया था. जानिए फिर कैसी संभली हालत.
मरीज ने किया हंगामा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में खान सर एक मरीज से जुड़ी घटना बताते नजर आ रहे हैं. जो देर रात उनके हॉस्पिटल में एमआरआई टेस्ट कराने आया था. खान सर ने बताया कि मरीज को दूसरे अस्पताल से एमआरआई के लिए भेजा गया था और वह दिन में पहले ही अस्पताल पहुंच गया था. हालांकि, उसकी बारी रात के 1:30 बजे आई. उस समय अस्पताल में मौजूद खान सर से मरीज ने सीधे संपर्क किया. मरीज ने नाराज होते हुए कहा, ‘मैं दोपहर 2 बजे आया था और मेरी बारी रात 1:30 बजे आई.’ यह सुनकर खान सर ने जवाब दिया, ‘रात के 1:30 बजे भी एमबीबीएस डॉक्टर आपका इलाज करने के लिए यहां मौजूद हैं.’ इसके बाद मरीज ने भावुक होकर जवाब दिया और स्वीकार किया कि उसने जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया दी थी.
खान सर के हॉस्पिटल में रात के 1 बजे नंबर आने पर भड़के मरीज़, फिर सर ने जो किया सुनिए। खान सर के अस्पताल में खूब भीड़ हो रहा हैं। pic.twitter.com/Pcc9ClnACN
— छपरा जिला 🇮🇳 (@ChapraZila) February 22, 2026
नेटिजंस दे रहे प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो के वायरल होते ही नेटिजंस की प्रतिक्रियाएं आने लगी है. एक यूजर ने कहा, ‘प्रसंसनीय कार्य खान सर के हॉस्पिटल का लेकिन कुछ असामाजिक तत्व गिराने में लगे है.’ दूसरे यूजर ने कहा, ‘खान सर वास्तव में दिल जीत लेते हैं.’
खान सर के हॉस्पिटल में जांच के रेट्स
खान सर के अस्पताल में प्रमुख जांचों के शुल्क काफी कम रखे गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां एमआरआई जांच लगभग 1,000 रुपये में की जा रही है, जबकि विस्तृत एमआरआई की कीमत करीब 2,700 रुपये है। सीटी स्कैन लगभग 900 रुपये में उपलब्ध है. अल्ट्रासाउंड मात्र 100 रुपये में किया जा रहा है. एक्स-रे की फीस 35 रुपये है, रक्त परीक्षण सिर्फ 7 रुपये में हो रहा है और ईसीजी जांच के लिए लगभग 25 रुपये लिए जा रहे हैं.