Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR क्षेत्र के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. 15 मार्च, 2026 को अधिकतर समय आसमान में बादल छाए रहेंगे. इसके अलावा, जानकारी सामने आ रही है कि सुबह से दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिसके साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है. सुबह के शुरुआती घंटों में पालम इलाके में भी बारिश दर्ज की गई.
अगर दिल्ली के तापमान की बात करें तो आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान की बात करें तो यह 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इसके अलावा, जानकारी सामने आ रही है कि 16 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे.
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश का अलर्ट
15 से 19 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 15 से 19 मार्च के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश होने की उम्मीद है. इस बीच, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की बारिश, गरज-चमक और 30–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
#WATCH | Delhi: Rain lashes in several parts of the national capital.
Visuals from Palam area pic.twitter.com/VV4cmnM2l8
— ANI (@ANI) March 15, 2026
अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज की बारिश के बाद भी राहत का यह सिलसिला पूरी तरह से थमने वाला नहीं है. सोमवार और मंगलवार, यानी 16 और 17 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे सूरज की गर्मी की तपिश काफी कम हो जाएगी. इन दिनों 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, जिससे दिन का तापमान गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
इसके ठीक बाद 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक देने वाला है. इसके प्रभाव से 18 और 19 मार्च को भी दिल्ली का आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और कुछ इलाकों में एक बार फिर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.