Delhi Assembly: दिल्ली की सबसे सुरक्षित जगहों में से एक मानी जाने वाली विधानसभा में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा घेरे को ठेंगा दिखाते हुए एक अनजान गाड़ी अंदर घुस आई. मामला सिर्फ जबरन एंट्री तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) की गाड़ी पर स्याही फेंकने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार गाड़ी आई और देखते ही देखते गेट नंबर 2 पर लगे सुरक्षा बैरिकेड को टक्कर मारते हुए हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में दाखिल हो गई. इस गाड़ी पर उत्तर प्रदेश का रजिस्ट्रेशन नंबर था. अचानक हुई इस हरकत से वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए और परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.\
स्पीकर की गाड़ी को बनाया निशाना
हैरानी की बात यह है कि बैरिकेड तोड़ने के बाद वहां मौजूद हमलावरों ने कथित तौर पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी पर स्याही भी फेंकी. पहले जबरन घुसपैठ और फिर स्याही से हमला ने वहां मौजूद अधिकारियों और विधायकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और साथ ही एक चिंता भी उभरकर सामने आई है.
आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस
इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद वह अनजान गाड़ी और आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा. अब अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि आखिर कड़े प्रोटोकॉल के बावजूद कोई वाहन इतनी आसानी से सुरक्षा घेरा कैसे तोड़ गया?
अब तक की कार्रवाई में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एंट्री पॉइंट्स पर लगे CCTV फुटेज खंगाल रही हैं ताकि गाड़ी का नंबर और आरोपियों की पहचान की जा सके, साथ ही घटनाक्रम का सिलसिला समझने के लिए चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है. गाड़ी को ट्रेस करने के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है. वहीं विधानसभा जैसी जगह, जहां हर वक्त वीआईपी और बड़े नेताओं की मौजूदगी रहती है, वहां इस तरह की सेंधमारी प्रशासन के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है.