Delhi Government: दिल्ली सरकार ने सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला किया है. दिल्ली सरकार ने आदेश दिया है कि हर सरकारी कर्मचारी को बायोमेट्रिक मशीन से हाजिरी लगानी होगी. ये नियम छोटे से लेकर बड़े सभी कर्मचारियों पर लागू होंगे. बता दें कि हाल ही में सीएम रेखा गुप्ता जीएसटी दफ्तर का अचानक निरीक्षण करने पहुंची थीं. इस दौरान बहुत से कर्मचारी दफ्तर में मौजूद नहीं थे. ये देखकर सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के सभी दफ्तरों को पहले की तरह सामान्य तरीके से दफ्तर खोलने के आदेश भी दिए हैं.
GRAP के कारण बदले जाएंगे नियम
बता दें कि कुछ समय पहले प्रदूषण और GRAP के कारण कई दफ्तरों का समय बदला था. साथ ही आधे कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी गई थी. GRAP हटने के बाद पुराने नियमों को लागू करते हुए दफ्तर खुलने का समय सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक कर दिया गया है. दिल्ली सरकार के सभी दफ्तर 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक खुलेंगे.
दिल्ली सरकार ने जारी किए नियम
सरकार का कहना है कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के हर विभाग में बायोमेट्रिक मशीन लगाना जरूरी होगा. जहां पर पहले से मशीन है, वहां मशीन में कर्मचारी का नाम, पद और विभाग भी दर्ज होने चाहिए. साथ ही उनकी हाजिरी भी मशीन में होनी चाहिए. सरकार ने साफ शब्दों में कहा कि छोटे से बड़े हर कर्मचारी जैसे- अतिरिक्त मुख्य सचिव, सचिव के साथ ही विभाग प्रमुख और बड़े अधिकारियों को बायोमेट्रिक हाजिरी लगानी होनी चाहिए. इस नियम से किसी को छूट नहीं मिलेगी. सरकार ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों के समय पर न आने की शिकायतें मिल रही थीं. कुछ देर से आते हैं, तो कुछ जल्दी आते हैं. इसके कारण लोगों का काम समय पर नहीं हो रहा है और उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है.
कोरोना काल में बदला था नियम
बता दें कि कोरोना काल में सरकारी दफ्तरों में बायोमेट्रिक हाजिरी बंद हो गई थी. इसके बाद प्रदूषण और GRAP के कारण दफ्तरों के समय में बदलाव किया गया था. वहीं अब प्रदूषण और कोरोना के मामलों में भी सुधार हो गया, जिसके कारण पुराने नियमों को दोबारा लागू कर दिया गया है.