Delhi Weather Today 13 April 2026 : पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के शहरों में पिछले एक पखवाड़ से मिल रही राहत अब खत्म हो गई है. दिल्ली-एनसीआर के 4 करोड़ लोग अब भीषण गर्मी के लिए तैयार हो जाए. दिल्ली-एनसीआर में सोमवार (13 अप्रैल, 2026) को सुबह से ही गर्मी महसूस हो रही है. सुबह मॉर्निंग वॉक लिए निकले लोग पसीने से तर नजर आए. यहां तक कि दफ्तरों और अन्य कामों के लिए घरों से निकले लोग भी गर्मी से मुकाबला करते दिखे. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को पूरे दिन मौसम साफ रहेगा. इस दौरान सुबह के बाद से सतही हवाएं 15 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी. हवाओं की रफ्तार बढ़कर 35 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. ऊपर से आसमान से आग बरसाती धूप भी लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी.
तेज हवाएं बढ़ाएंगी टेंशन
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से तेज हवाओं के तेज धूप ने संकेत दे दिया है कि मौसम अब खराब ही रहने वाला है. IMD के मुताबिक, दिल्ली के पीतमपुरा और प्रगति मैदान के अलावा चांदनी चौक, पूसा, जहांगीरपुरी, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली यूनिवर्सिटी और नजफगढ़ समेत कई स्थानों पर तेज हवाएं चलेंगी.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौमस
दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ बेअसर हो चुका है. ऐसे में यहां पर बारिश नहीं होगी. IMD के मुताबिक, आगामी सोमवार (13 अप्रैल, 2026) को दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर (नोएडा, ग्रेटर नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ, बागपत, शामली, गाजियाबाद, सोनीपत, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद) में सुबह के दौरान तेज हवाएं चलेंगीं. राहत का यह दौरान सुबह के बाद यानी दोपहर तक खत्म हो जाएगा. सोमवार को दोपहर में तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
क्या रहेगा दिल्ली में तापमान
दिल्ली में सोमवार (13 अप्रैल, 2026) को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस जबक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा. तेज धूप और गर्मी लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी. IMD के मुताबिक, 4–5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3–6°C की धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में भी अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा होगा. गर्मी बढ़ने के साथ दिल्ली-एनसीआर में अप्रैल की तीसरे सप्ताह में लू चलने लगे तो ताज्जुब नहीं होना चाहिए. इस बार अधिक गर्मी का इशारा मौसम विभाग की ओर से भी किया गया है.