21
दिल्ली: दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र के जे-ब्लॉक में जूता-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री के मालिक पर अज्ञात युवकों ने किया जानलेवा हमला. गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान रवि चौधरी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार फैक्ट्री के एक कर्मचारी से उसकी कहासुनी हुई थी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पुरानी रंजिश पर शक
परिवार वालों ने बताया कि कुछ दिन पहले फैक्ट्री के एक कर्मचारी के साथ फैक्ट्री मालिक रवि चौधरी का विवाद हुआ था. जिसकी वजह से परिजनों को शक है कि उसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है. हालांकि पुलिस इन सभी को देखते हुए सभी एंगल से मामले की जांच में जुट गई है.
सीसीटीवी कैमरों की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी कहासुनी का मामला सामने आ रहा है. हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें भी बनाई गई हैं.
सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई गई
यह घटना होने के बाद नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस बल की संख्या को बढ़ा दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बरकरार रहे. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आरोपियों की तलास में लगी हुई है.