Shimla Ram Mandir Hall: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक नया विवाद खड़ा हो गया है. हिंदू संघर्ष समिति ने राम मंदिर हॉल में एक मुस्लिम परिवार द्वारा निकाह के लिए की गई बुकिंग पर आपत्ति जताई है. बताया जा रहा है कि इस राम मंदिर हॉल का प्रबंधन सूद सभा द्वारा किया जाता है. हिंदू संघर्ष समिति ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है यदि यह कार्यक्रम होता है तो वे उसी दिन कार्यक्रम स्थल पर सूअरों का जुलूस निकालेंगे.
इस चेतावनी के बाद तनाव का माहौल हो गया है. इसके बाद प्रशासन की भी चिंता बढ़ गई है. आखिर इस राम मंदिर हॉल में किस मुस्लिम लड़की का निकाह होने वाला है. आइए विस्तार से जानते हैं.
हिंदू संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नासिर शिमला की ईदगाह कॉलोनी के निवासी हैं. उनकी बेटी का निकाह 11 अप्रैल को होने वाला है. जिसके लिए उन्होंने राम मंदिर हॉल बुक किया है. जैसे ही हिंदू संघर्ष समिति को इस बात का पता चला तो उनके सदस्यों में भारी रोष फैल गया. इसके बाद हिंदू संघर्ष समिति ने राम मंदिर हॉल का संचालन करने वाले सूद सभा को एक ज्ञापन सौंपा है. जिसमें इस फैसले को रद्द करने की मांग की गई है. इसके अलावा, समिति ने इस बात की चेतावनी भी दी है कि यदि उनकी यह मांग पूरी नहीं की जाती है, तो कार्यक्रम वाले दिन मंदिर हॉल के बाहर एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
हिंदू संघर्ष समिति के सदस्यों ने क्या कहा?
हिंदू संघर्ष समिति के नेताओं विजय शर्मा और मदन ठाकुर ने कहा कि वे मंदिर परिसर में किसी मुस्लिम परिवार का विवाह समारोह होने को स्वीकार नहीं कर सकते. उन्होंने अपनी चेतावनी दोहराई कि यदि निकाह को नहीं रोका गया तो वे तय दिन पर सूअरों का जुलूस निकालने और अपना मुंडन करने की अपनी योजना पर आगे बढ़ेंगे. उन्होंने तर्क दिया कि मुस्लिम परिवार को मंदिर परिसर के बजाय किसी मस्जिद या मदरसे में निकाह कार्यक्रम का आयोजन करना चाहिए.
सूद सभा शिमला के अध्यक्ष ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर सूद सभा शिमला के अध्यक्ष राजीव सूद का बयान भी सामने आया है. जिसमें कहा गया है कि वे सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हैं. उन्होंने बताया कि मुस्लिम परिवारों ने पहले भी कई मौकों पर राम मंदिर हॉल में अपने निकाह समारोह आयोजित किए हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि न तो भारत का संविधान और न ही सूद सभा के उपनियम उन्हें किसी भी व्यक्ति को उसके धर्म के आधार पर प्रतिबंधित करने की अनुमति देते हैं. हालांकि, ज्ञापन प्राप्त होने के बाद इस मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए मंगलवार को एक कार्यकारी समिति की बैठक बुलाई गई है.
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि मंदिर के हॉल में अब तक 15 से ज्यादा मुस्लिमों के निकाह होल चुके हैं. उन्होंने साफ किया कि चाहे हिंदू शादी हो या मुस्लिम निकाह हो, राम मंदिर के हॉल के अंदर शराब और मांसाहारी भोजन (मांस या मछली) के सेवन पर हमेशा से रोक रही है.